home page

फरीदाबाद : तीन छात्रों की पिटाई का वीडियो वायरल, आरोपी गिरफ्तार

 | 
फरीदाबाद : तीन छात्रों की पिटाई का वीडियो वायरल, आरोपी गिरफ्तार


फरीदाबाद, 24 मार्च (हि.स.)। फरीदाबाद में मुंह पर कपड़ा लपेटे और हाथों में लाठी-डंडे लिए कई युवकों ने तीन छात्रों को घेरकर जमकर पीटा। छात्रों को जख्मी करने के उपरांत हमलावर फरार हो गए। इस हमले का भीड़ में से किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। यह वीडियो वायरल होते ही पुलिस पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस ने केस भी दर्ज कर लिया है। मामला डबुआ थाना क्षेत्र गांव बाजडी का है। यहां के रहने वाले विकास त्यागी ने डबुआ थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि, उसके भतीजे देव उर्फ रामजीलाल का गांव के ही रहने वाले गोलू के साथ विवाद हो गया था। विवाद गोलू के गाली देने पर शुरू हुआ था। इस दौरान गोलू को पीट दिया गया था। उस वक्त देव का साथी तुषार भी साथ था। इसी की रंजिश को लेकर गोलू ने अपने साथियों के साथ अपने साथियों के साथ डंडे लेकर पहुंचा। जहां पर सभी ने उसके बेटे तुषार, भतीजे अंशुल और उसके साथी अभिषेक को खेत में घसीट लिया और लाठी-डंडों से हमला किया। इस हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इस मारपीट का एक वीडियों भी सामने आया है, जिसे भीड़ में से ही किसी ने बनाया है। इसमें हमलावर भीड़ के सामने ही तीनों छात्रों पर हमला करते नजर आ रहे है। मगर, भीड़ छात्रों को बचाने की कोशिश नहीं करती। सभी आरोपी आसानी से मौके से फरार हो जाते है। उधर, शिकायत मिलने और वीडियो के सामने आते ही डबुआ थाना पुलिस ने वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान कर तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। थाना इंचार्ज संग्राम सिंह ने बताया कि इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनसे पूछताछ की गई है। कुछ आरोपी फरार है, उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। थाना इंचार्ज संग्राम सिंह ने मंगलवार काे बताया कि हमलावर भी स्टूडेंट है। दोनों पार्टियों का आपस में पहले भी झगड़ा हो चुका है। इसी के चलते ये रंजिश बनी हुई थी। बताया कि देव 10वीं क्लास में सरकारी स्कूल में पढ़ता है, जबकि आरोपी गोलू कॉलेज का छात्र है। तुषार भी 10वीं क्लास का छात्र है, जबकि अंशुल प्राइवेट जॉब करता है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर