home page

फरीदाबाद: हाथ बांधकर महिला के साथ नहर में कूदा युवक, दोनों के शव बरामद

 | 
फरीदाबाद: हाथ बांधकर महिला के साथ नहर में कूदा युवक, दोनों के शव बरामद


फरीदाबाद, 13 जुलाई (हि.स.)। बीपीटीपी पुल के पास आगरा नहर में कूदने वाले महिला और युवक के शव एसडीआरएफ की टीम ने सोमवार को शाहपुर कलां गांव के पास नहर से बरामद कर लिया है। दोनों का एक हाथ आपस में बंधा हुआ है। इससे अनुमान है कि युवक ने पहले महिला को हथौड़ा मारकर घायल किया, इसके बाद डाटा केबल से उसका हाथ अपने हाथ में बांधकर नहर में छलांग लगा दी। पुलिस ने इस मामले में महिला के पति की शिकायत पर युवक के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया है। वहीं दूसरी तरफ युवक के स्वजन ने इसे साजिश के तहत हत्या बताते हुए गहन कार्रवाई की मांग की है। महिला की पहचान सेक्टर-31 की रहने वाली रश्मि उर्फ रजनी के रूप में हुई थी, वह मेकओवर आर्टिस्ट के तौर पर काम करती थी। वहीं युवक का नाम आकाश उर्फ अक्कू है जो एतमादपुर गांव में रहता था और द्रोणाचार्य जिम में वर्कआउट करता था और ड्राइवर का काम करता था। मृतका के पति शिवम ने शिकायत में बताया है कि रजनी भी उसी जिम में वर्कआउट करती थी। दोनों की पहचान वहीं पर हुई थी। पति का आरोप है कि जिम में अक्कू ने रजनी को परेशान करना शुरू कर दिया था। रजनी ने यह बात पति को बताई थी। इसके बाद पति ने अक्कू से बात की तो उसने माफी मांग ली थी। पिछले करीब 10 दिन से वह उसे फिर से परेशान कर रहा था। शनिवार को वह उससे बात करने की कहकर घर से कार लेकर निकली थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला कार चला रही थी और युवक साथ वाली सीट पर बैठा था। आरोप है कि युवक ने कार के अंदर ही रजनी पर हथौड़े से कई वार किए। महिला जान बचाने के लिए कार से बाहर निकली, लेकिन आरोपित उसे पकडक़र नहर किनारे ले गया और उसके साथ आगरा नहर में छलांग लगा दी। स्कूटी सवार दो युवकों ने पूरी घटना देखी और पास मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को सूचना दी। पुलिस ने कार से खून से सना हथौड़ा और महिला के बाल बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि युवक वारदात की तैयारी करके आया था। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल भिजवा दिए हैं। वहीं दूसरी तरफ युवक के बहनोई अजय नागर ने इसे हत्या बताया है। उसका कहना है कि साजिश के तहत आकाश को बुलाया गया। इसके बाद दोनों की हत्या की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर