home page

फरीदाबाद : शराब गोदाम से 12.50 लाख की नकदी लेकर फरार हुआ कर्मचारी गिरफ्तार

 | 
फरीदाबाद : शराब गोदाम से 12.50 लाख की नकदी लेकर फरार हुआ कर्मचारी गिरफ्तार


फरीदाबाद, 17 जुलाई (हि.स.)। एल-वन शराब गोदाम के 12.50 लाख रुपये लेकर फरार हुए कर्मचारी को अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। वह कई दिनों से पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए राजस्थान के कोटपुतली में अपने एक परिचित के यहां छिपा हुआ था। फरीदाबाद लौटते ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। शुक्रवार को आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद पुलिस ने रकम की बरामदगी और मामले की गहन पूछताछ के लिए आरोपी का एक दिन का पुलिस रिमांड पर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनोद पासवान निवासी बल्लभगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस अनुसार आशुतोष कुमार, हेड कैशियर फायर वाटर स्टोर एल-वन/एल-13 सेक्टर-27सी फरीदाबाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि फर्म की नकदी बैंक में जमा कराने की जिम्मेदारी कर्मचारी विनोद पासवान को दी गई थी। चार जुलाई को उसे 7.50 लाख रुपये तथा 11 जुलाई को 5 लाख रुपये नकद दिए गए थे। इस प्रकार कुल 12.50 लाख रुपये फर्म के खाते में जमा कराने के लिए आरोपी को सौंपे गए थे। 13 जुलाई को फर्म के रिकॉर्ड की जांच के दौरान पता चला कि उक्त राशि बैंक खाते में जमा ही नहीं कराई गई है। जब शिकायतकर्ता ने विनोद से संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला। उसके घर जाकर पता किया गया तो वह वहां से भी गायब था। पूछताछ में सामने आया कि विनोद पहले भी कई बार फर्म की नकदी बैंक में जमा कर चुका था, जिससे कंपनी का उस पर विश्वास था। इसी विश्वास का फायदा उठाते हुए उसने कुल 12.50 लाख रुपये की नकदी बैंक में जमा कराने के बजाय अपने पास रख ली और फरीदाबाद से फरार हो गया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए राजस्थान के कोटपुतली में अपने एक परिचित के यहां छिपकर रह रहा था। जैसे ही वह गुरुवार को फरीदाबाद वापस लौटा, अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम पूछताछ कर गबन की गई पूरी राशि बरामद करने का प्रयास कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर