फरीदाबाद : पुलिस ने 12 करोड़ की कोकीन खेप पकड़ी, तीन विदेशी नागरिक गिरफ्तार
2.337 किलो कोकीन, एम्फेटामाइन समेत 3.741 किलो मादक पदार्थ बरामद 50 हजार रुपये नकद भी मिले, 10 अन्य विदेशी नागरिकों के दस्तावेजों की जांचफरीदाबाद, 16 सितंबर (हि.स.)। नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फरीदाबाद पुलिस और एनसीबी दिल्ली की संयुक्त टीम ने लकड़पुर में एक मकान पर छापा मारकर करीब 15 करोड़ रुपये कीमत के मादक पदार्थ बरामद किए। कार्रवाई के दौरान तीन विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। बरामद सामान में 2.337 किलोग्राम कोकीन, 26 ग्राम एम्फेटामाइन और 1.378 किलोग्राम संदिग्ध मादक पदार्थ शामिल है। इसके अलावा 50 हजार रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।सहायक पुलिस अधीक्षक अपराध अमन यादव ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि क्राइम ब्रांच एनआईटी को थाना सूरजकुंड क्षेत्र के लक्कड़पुर में विदेशी नागरिकों के पास मादक पदार्थ होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर निरीक्षक अनिल छिल्लर के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच एनआईटी और एनसीबी दिल्ली की टीम ने 15/16 सितंबर की रात तलाशी वारंट के साथ शिव दुर्गा बिहार स्थित मकान नंबर 16 की दूसरी मंजिल पर छापा मारा। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हुए। एनसीबी दिल्ली की टीम से कराई गई जांच में बरामद पदार्थों में कोकीन और एम्फेटामाइन की पुष्टि हुई। पुलिस के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 15 करोड़ रुपये है।पुलिस ने मौके से ईफायानी इम्युनुल, बेल जोन उर्फ अन्नूदून्न इम्युनुल निवासी नाइजीरिया और रैमी उर्फ ओमस ओवी निवासी कैमरून को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी मकान में किराये पर रह रहे थे। उनके पासपोर्ट और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। मामले में थाना सूरजकुंड में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार मकान में अफ्रीकी देशों के 10 अन्य लोग भी किराये पर रह रहे थे। दस्तावेजों के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनके कागजात की एनसीबी दिल्ली कार्यालय से तस्दीक कराई जा रही है। दस्तावेज सही नहीं पाए जाने पर उनके खिलाफ डिपोर्टेशन की कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान उनसे मादक पदार्थ की सप्लाई, स्रोत, नेटवर्क और इस खेप से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

