home page

हिसार : धुंध से पहले सड़कों की खामियां दूर करने के निर्देश, खराब लाइटें और गड्ढे होंगे दुरुस्त

 | 
हिसार : धुंध से पहले सड़कों की खामियां दूर करने के निर्देश, खराब लाइटें और गड्ढे होंगे दुरुस्त


एसपी ने एनएचएआई, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों

के साथ की बैठक

अवैध पार्किंग और अतिक्रमण हटाने पर भी जोर

हिसार, 10 नवंबर (हि.स.)। धुंध के मौसम में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था

सुधारने के लिए पुलिस ने संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े इंतजाम समय रहते

पूरे करने के निर्देश दिए हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों पर खराब स्ट्रीट लाइटें ठीक करने,

अंधेरे वाले स्थानों पर पर्याप्त रोशनी, सड़कों पर रिफ्लेक्टर और संकेतक लगाने के साथ

दुर्घटना संभावित स्थानों की खामियां दूर करने को कहा गया है। लघु सचिवालय की पार्किंग

व्यवस्था सुधारने और शहर में अवैध पार्किंग व अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए गए

हैं।

पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने मंगलवार को एनएचएआई, टोल प्लाजा, लोक निर्माण

विभाग, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, नगर निगम और जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों

के साथ यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, यातायात

थाना प्रभारी तथा हिसार और बरवाला की चालानिंग शाखाओं के प्रभारी भी मौजूद रहे।

हाईवे से लेकर शहर की सड़कों तक सुधार के निर्देश

एसपी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को खराब स्ट्रीट लाइटें

ठीक करवाने, सड़क किनारे रिफ्लेक्टर, दिशा-सूचक बोर्ड, रोड मार्किंग और कैट-आई लगाने

तथा दुर्घटना संभावित स्थानों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। टोल प्लाजा पर वाहनों

की आवाजाही सुचारू रखने, पर्याप्त लेन और कर्मचारियों की व्यवस्था करने तथा एंबुलेंस

व आपातकालीन सेवाओं के लिए उचित प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा। हरियाणा शहरी विकास

प्राधिकरण को अपने क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत, अतिक्रमण हटाने और चौराहों व कट पर

यातायात संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं, नगर निगम अधिकारियों से बाजारों और

प्रमुख चौराहों पर अवैध पार्किंग हटाने, यातायात बाधित करने वाला सामान हटवाने तथा

खराब स्ट्रीट लाइटें ठीक करवाने को कहा गया।

गड्ढे, खुले मैनहोल और निर्माण स्थलों पर रहेगी नजर

लोक निर्माण विभाग और जन स्वास्थ्य विभाग को क्षतिग्रस्त सड़कों, गड्ढों और

खुले मैनहोल की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए गए। सड़क निर्माण

स्थलों पर बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेतक लगाने को कहा गया, ताकि धुंध के दौरान वाहन

चालकों को परेशानी न हो। एसपी ने सड़कों पर सफेद पट्टियां, रिफ्लेक्टर और संकेतक स्पष्ट

रखने तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाने पर भी जोर दिया।

गलत दिशा और ओवरस्पीड पर होगी कार्रवाई

यातायात पुलिस को गलत दिशा में वाहन चलाने, ओवरस्पीड, बिना हेलमेट, बिना सीट

बेल्ट, गलत पार्किंग और प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान

चलाकर चालान व कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वाहन चालकों को धुंध में धीमी

गति से चलने, फॉग लाइट का इस्तेमाल करने और वाहनों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखने

के लिए जागरूक करने को कहा गया।

बैठक में लघु सचिवालय में आने वाले आमजन, अधिकारियों और कर्मचारियों के वाहनों

की पार्किंग का मुद्दा भी उठाया गया। संबंधित विभागों को आपसी तालमेल से वाहनों की

निर्धारित स्थानों पर पार्किंग सुनिश्चित करने और प्रवेश द्वारों व रास्तों पर अनावश्यक

वाहन खड़े नहीं होने देने के निर्देश दिए गए। एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि यातायात

व्यवस्था सुधारना केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी संबंधित विभागों की सामूहिक

जिम्मेदारी है। सभी विभाग अपने क्षेत्र की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करें। आमजन की

जान-माल की सुरक्षा सर्वोपरि है और धुंध के मौसम को देखते हुए सड़क सुरक्षा के इंतजामों

में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर