home page

रोहतक: बापू-बेटा ने झूठ बोलकर किसानों की जमीनें हड़पीः अर्चना गुप्ता

 | 
रोहतक: बापू-बेटा ने झूठ बोलकर किसानों की जमीनें हड़पीः अर्चना गुप्ता


भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बोली, कांग्रेस ने हमेशा ही परिवार व वंशवाद की राजनीति

रोहतक जवानों और किसानों की धरती, परिवारवाद की राजनीति को जनता देगी करारा जवाब

रोहतक, 07 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने पूर्व सीएम हुड्डा पर निशाना साधा और कहा कि बापू-बेटा ने झूठ बोलकर किसानों की जमीन हड़पी और उच्च घरानों व जीजा जी को सौंप दी, उन्होंने दावा किया कि आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों में जनता कांग्रेस को करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि काठ की हांडी एक बार ही चढ़ती है और वह चढ़ चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के दौरान भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला, किसानों के साथ अन्याय हुआ और उनकी जमीनों से जुड़े मामलों को लेकर जनता सब कुछ जानती है। प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता रोहतक पहुंची और भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।

उन्होंने कहा कि रोहतक जवानों और किसानों की धरती है और आने वाले चुनावों में जनता परिवारवाद की राजनीति का जवाब देगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची को शुद्ध करने, हर पात्र व्यक्ति का वोट बनवाने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। अनाज मंडी में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में डॉ. अर्चना गुप्ता अपने संबोधन की शुरुआत उन्होंने महर्षि दयानंद सरस्वती को नमन करते हुए की और कहा कि यह महर्षि दयानंद तथा सर छोटूराम की धरती है। उन्होंने मंच से सर छोटूराम अमर रहें के नारे भी लगवाए। डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों, जवानों और आम नागरिकों के हितों को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी है।

मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) का जिक्र करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक पात्र नागरिक का वोट बनवाने, मृत मतदाताओं के नाम हटवाने और अपात्र नामों को हटाने में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रोहतक का सांसद और विधायक रोहतक की जनता तय करेगी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष बनाए रखने के लिए सभी को जागरूक रहना होगा। पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है, जहां एक सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत के बल पर सर्वाेच्च जिम्मेदारियां प्राप्त कर सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल