home page

सिरसा: पूरा बीमा क्लेम न मिलने पर किसानों ने बैंक के बाहर लगाया धरना

 | 
सिरसा: पूरा बीमा क्लेम न मिलने पर किसानों ने बैंक के बाहर लगाया धरना


सिरसा, 27 मार्च (हि.स.)। सिरसा जिले के कालांवाली में किसानों ने फसल बीमा का पूरा क्लेम न मिलने पर एचडीएफसी बैंक के बाहर धरना लगाया और पूरा बीमा क्लेम देने की मांग की। किसानों ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत उन्होंने अपनी फसल का बीमा करवाया था, लेकिन उन्हें पूरा क्लेम नहीं मिला।

गांव सुखचैन के किसान दारा सिंह ने शुक्रवार को बताया कि उसने कालांवाली के एचडीएफसी बैंक में जुलाई माह में अपने करीब नौ एकड़ फसल का प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा करवाया था, जिसके लिए उसके खाते से करीब 20 हजार रुपये काटे गए थे। जबकि उक्त योजना के तहत उसके खाते में बीमा क्लेम की मात्र 37 हजार 407 रुपये की राशि आई, जबकि सरकार द्वारा करीब 22 हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से क्लेम दिया गया है। उन्होंने बताया कि उसने बीमा को लेकर पूरे दस्तावेज जमा करवाए थे, परंतु इसके बावजूद भी उसके खाते में करीब डेढ़ एकड़ का ही क्लेम डाला गया। किसान ने बताया कि इस मामले को लेकर वह बैंक अधिकारियों से कई बार मिल चुकें हैं परंतु कोई सुनवाई नहीं की गई, जिसके चलते उन्हें धरना प्रदर्शन करना पड़ रहा है।

किसान गुरप्रीत सिंह, जसवंत सिंह ने बताया कि उसके खाते से भी बैंक द्वारा बीमा की पूरी राशि काटी गई लेकिन उसे भी पूरा क्लेम नहीं मिला। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें पूरी फसल का बीमा क्लेम दिलवाया जाए और बैंक की जांच करवाई जाए। किसान नेता गुरनाम सिंह पक्का शहीदां ने कहा कि यदि किसानों की समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो किसान यूनियन बड़े स्तर पर धरना प्रदर्शन करेगी।

बैंक के कृषि अधिकारी प्रदीप जैन ने कहा कि किसानों ने बीमा को लेकर बैंक में जो जमीन के दस्तावेज जमा करवाए थे, वह फसल पंजीकरण के साथ मेल नहीं खाते जिस कारण उनका पूरा क्लेम नहीं आया। बैंक द्वारा यह बात किसानों को लिख कर भी दे दी गई है, इसमें बैंक की कोई गलती नहीं है। अधिकारी द्वारा किसानों को एक सप्ताह का समय देने पर किसानों ने धरना प्रदर्शन समाप्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma