सिरसा: सिंचाई पानी को लेकर किसानों ने दिया धरना, बाेले पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा
सिरसा, 25 अगस्त (हि.स.)। जिले के रानियां खंड के आधा दर्जन गांवों में सिंचाई पानी की किल्लत को लेकर किसानों ने मंगलवार को सिंचाई विभाग सिरसा कार्यालय में धरना देकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों का कहना है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र के गांवों में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है, जिसके कारण फसलें प्रभावित हो रही हैं।
किसान वीरभान मेहता और कालू राम गोदारा ने बताया कि रानियां खंड के फतेहपुरिया, महम्मद पुरिया, कुस्सर, बालासर, नाईवाला और खाजाखेड़ा गांवों में सिंचाई पानी का गंभीर संकट बना हुआ है। खेतों में समय पर पानी नहीं पहुंचने से फसलों को नुकसान होने की आशंका है। ऐसे में किसानों ने सरकार और जिला प्रशासन से जल्द से जल्द पानी की उचित व्यवस्था करने की मांग की है। घग्गर नाईवाला खरीफ चैनल में दो बार फलडी पानी आ चुका है, मगर उनके गांव में अभी तक घग्गर का पानी नहीं आया है। इस बारे में कई बार सिंचाई विभाग के अधिकारियों से मिल चुके हैं। मगर हर बार आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिला है। किसानों ने कहा कि अबकी बार बारिश भी कम हुई है। फसलें सूख रही है। अगर मांग जल्द पूरी नहीं होती है तो किसान धरना प्रदर्शन करेंगे व मुख्यमंत्री को सिरसा आने पर काले झंडे दिखाएंगे। इन गांव में यह समस्या आज से नहीं है, बहुत पहले से चल रही है। दूसरे गांव के किसान बड़ी-बड़ी पाइपलाइन बिछाकर व मोटर लगाकर पानी ले रहे हैं। उन पाइपों को हटाने का काम प्रशासन ने पहले किया था मगर सही से कार्रवाई नहीं हुई है। इस कारण टेल पर बसने वाले गांव को फलडी पानी नहीं मिल रहा है ।
धरने के बाद किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी। किसानों ने अधिकारियों से मांग की कि प्रभावित गांवों तक पर्याप्त मात्रा में सिंचाई का पानी पहुंचाने के लिए तुरंत ठोस कदम उठाए जाएं। किसानों ने विशेष रूप से पत्थर वाली पाइप लाइन को हटाने और अवैध मोटरों पर कार्रवाई करने की मांग भी उठाई। किसानों का आरोप है कि अवैध तरीके से लगाई गई मोटरों के कारण पानी का प्रवाह प्रभावित हो रहा है और अंतिम छोर पर बसे गांवों तथा किसानों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

