home page

धान खरीद नहीं होने पर गुस्साए किसानों ने लगाया जींद-कैथल मार्ग पर जाम

 | 
धान खरीद नहीं होने पर गुस्साए किसानों ने लगाया जींद-कैथल मार्ग पर जाम


जींद, 17 अक्टूबर (हि.स.)। अलेवा खंड के नगूरां खरीद केंद्र पर नमी का हवाला देकर धान नहीं खरीदे जाने से गुस्साए किसानों ने शनिवार को किसानों ने जींद-कैथल मार्ग पर जाम लगा दिया।

किसानों ने हैफेड निरीक्षक के बदलने की मांग की। जाम की सूचना मिलते ही नगूरां चौकी प्रभारी विनोद कुमार, अलेवा थाना प्रभारी आत्माराम व अलेवा अनाज मंडी सचिव विकास ढिल्लो मौके पर पहुंचे। अलेवा थाना प्रभारी ने हैफैड डीएम से फोन पर बात कर किसानों को महिला निरीक्षक का तबादलना करवाने का आश्वासन दिया।

इसके बाद किसानों ने लगभग आधे घंटे बाद जाम खोल दिया। जाम के कारण वाहनों की लंबी लाइनें लग गई। जिसके चलते वाहन चालकों तथा राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जाम लगाए किसानों का कहना था कि नगूरां खरीद केंद्र पर खरीद एजेंसी हैफेड द्वारा खरीद अधिकारी महिला को लगाया हुआ है। अधिकारी द्वारा पीआर की सरकारी खरीद में मनमानी की जा रही है। कई किसान एक सप्ताह से साफ.-सुथरा धान लेकर मंडी में बैठे हैं लेकिन उनकी खरीद नहीं की जा रही।

किसानों ने कहा कि खरीद अधिकारी धान में नमी की मात्रा अधिक होने की बात कह कर खरीद करने की बजाय इंतजार करने को कहती है। किसानों ने अधिकारी पर अपनी मनमानी करने के भी आरोप लगाए। जाम लगने की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी आत्माराम ने किसानों के सामने ही डीएम से बात की और आश्वासन दिया कि अधिकारी का तलादला हो जाएगा। जिस पर किसान जाम खोलने को राजी हो गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा