home page

यमुनानगर:भारतीय किसान यूनियन ने ट्रेड डील के विरोध किया प्रदर्शन

 | 
यमुनानगर:भारतीय किसान यूनियन ने ट्रेड डील के विरोध किया प्रदर्शन


यमुनानगर, 15 जुलाई (हि.स.)। भारतीय किसान यूनियन के 'देश बचाओ मोर्चा' के आह्वान पर बुधवार को यमुनानगर में किसानों ने भारत-अमेरिका प्रस्तावित फ्री ट्रेड डील के विरोध में मोटरसाइकिल एवं ट्रैक्टर मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में किसान विभिन्न स्थानों से एकत्र होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए लघु सचिवालय पहुंचे, जहां उपायुक्त प्रीति के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। रैली के दौरान कई स्थानों पर यातायात प्रभावित रहा, जिसके मद्देनजर पुलिस ने विशेष प्रबंध किए। लघु सचिवालय परिसर में ट्रैक्टर और अन्य वाहनों के प्रवेश को लेकर कुछ समय के लिए किसानों और पुलिस के बीच बहस भी हुई। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए वाहनों को रोक दिया, जबकि किसानों ने इसका विरोध जताया।

बाद में प्रशासन की ओर से ट्रैक्टरों को परिसर में प्रवेश की अनुमति दे दी गई, जिसके बाद किसानों ने नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान संजू ने कहा कि प्रस्तावित भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौता किसानों, खेत मजदूरों, पशुपालकों, छोटे व्यापारियों और लघु उद्योगों के हितों के विपरीत है। उनका आरोप था कि यह समझौता कृषि क्षेत्र, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और देश की खाद्य एवं आर्थिक संप्रभुता पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है।

उन्होंने कहा कि संगठन किसी भी परिस्थिति में इस समझौते को स्वीकार नहीं करेगा और केंद्र सरकार से इसे तत्काल निरस्त करने की मांग करता है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो देशव्यापी लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी केंद्र सरकार की होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार