home page

जींद : खेतों की बिजली ठप होने पर भड़के किसान

 | 
जींद : खेतों की बिजली ठप होने पर भड़के किसान


जींद, 19 जून (हि.स.)। खेतों की बिजली लाइन लंबे समय से ब्रेकडाउन रहने से उचाना में किसानों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। खरकभूरा, अलीपुरा और कर सिंधु गांवों के किसान बिजली निगम कार्यालय पहुंचे और समस्या के समाधान की मांग की। किसान कार्यालय पर ताला लगाने के इरादे से पहुंचे थेए लेकिन एसडीओ जोजो तनेजा द्वारा उनकी शिकायतें सुन कर जल्द समाधान का आश्वासन दिए जाने के बाद किसान शांत हुए। किसानों ने आरोप लगाया कि खेतों की बिजली लाइन पिछले काफी समय से बंद पड़ी है, जिससे फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा। किसानों का कहना है कि हाल ही में आए तूफान के दौरान टूटे बिजली पोल भी अब तक नहीं बदले गए हैंए जिसके कारण धान की पौध सूखने लगी है।

किसान कपिल ने बताया कि अलीपुरा, खरकभूरा और करसिंधु गांवों की एपी लाइन करीब काफी समय से खराब है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित लाइनमैन न तो फोन उठाता है और न ही मौके पर पहुंचता है। एसडीओ और एक्सईएन को कई बार शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि करीब दो हजार एकड़ कृषि भूमि की सिंचाई इस लाइन पर निर्भर है और बिजली न मिलने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसान भूपेंद्र ने कहा कि तेज आंधी के दौरान कई बिजली खंभे टूट गए थे लेकिन उन्हें बदलने का कार्य अब तक शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि लाइनमैन के खिलाफ लगभग 20 बार लिखित शिकायत दी जा चुकी है।

फिर भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। इस मामले में एसडीओ जोजो तनेजा ने कहा कि हाल के तूफानों में बड़ी संख्या में बिजली पोल और ट्रांसफर्मर क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिसके चलते बिजली आपूर्ति बाधित हुई। उन्होंने बताया कि ठेकेदार से बातचीत कर टूटे हुए पोल बदलने के निर्देश दिए गए हैं तथा बिजली आपूर्ति जल्द बहाल कर दी जाएगी।

एसडीओ ने दावा किया कि अगले दो दिनों में समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि किसानों द्वारा लाइनमैन के खिलाफ लगातार शिकायतें मिलने के बाद उसे रिलीव करने के लिए पत्र भेज दिया गया है। संबंधित लाइनमैन मूल रूप से गुरुग्राम में कार्यरत है और यहां अस्थायी आदेशों पर तैनात था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा