सिरसा में किसान बिजली टावर पर चढ़े, पुलिस ने डेरा डाला
सिरसा, 08 जुलाई (हि.स.)। जिले के गांव वैदवाला में अपनी मांगों को लेकर कई किसान बुधवार को बिजली के टावर पर चढ़ गए। किसानों की मांग है कि उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए। किसानों के टावर पर चढऩे की सूचना मिलते ही डीएसपी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और नीचे उतरने को अनुरोध किया, लेकिन किसान इस बात पर अड़े हैं कि जब तक उनकी मुआवजा बढ़ोतरी की मांग पूरी नहीं होती, तब तक वे नीचे नहीं उतरेंगे। बिजली निगम के अधिकारियों में भी हडक़ंप मचा हुआ है और पुलिस भी मौके पर ही मौजूद है।
भारतीय किसान यूनियन चढूनी गुट के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह वैदवाला के खेत में हाईटेंशन लाइन के तीन टावर लगे हुए हैं। बुधवार सुबह बिजली निगम के कर्मचारी खेत में लगे टावर पर काम करने आए। बताया जा रहा है कि कर्मचारियों ने भूपेंद्र सिंह को मौके पर जाने से रोक दिया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में बहसबाजी हुई और भूपेंद्र सिंह वैदवाला टावर पर चढ़ गए। जैसे ही इसकी भनक चढूनी गुट के अन्य किसान नेताओं को लगी तो वे भी मौके पर पहुंचे और आठ अन्य किसान चारपाई व राशन पानी लेकर टावर पर चढ़ गए। मौके पर बढ़ती किसानों की भीड़ को देखते हुए पुलिस महकमा हरकत में आया और डीएसपी पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस द्वारा किसानों व ग्रामीणों को मौके पर जाने से रोका जा रहा है ताकि अन्य लोग टावर पर न चढ़ सके। पुलिस ने बिजली निगम की टावर संबंधित टीम को भी बुलाया, लेकिन किसानों ने चेतावनी दी है कि वे लेबर को नहीं आने देंगे।
गौरतलब है कि बीते मंगलवार को मुआवजे में बढ़ोतरी को लेकर किसान संगठनों की प्रशासन के साथ बैठक हुई थी, लेकिन इसमें कोई हल नहीं निकला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

