home page

सिरसा: डीएपी खाद किल्लत को लेकर किसानों ने किया रोड जाम

 | 
सिरसा: डीएपी खाद किल्लत को लेकर किसानों ने किया रोड जाम


सिरसा, 06 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में डीएपी खाद की किल्लत को लेकर मंगलवार को किसानों ने रोड जाम कर दिया। खाद न मिलने से गुस्साए किसानों ने खाद वितरण केंद्र के बाहर नारेबाजी की और इसके बाद रोड जाम कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाया। किसानों ने बताया कि खाद वितरण केंद्र के कर्मचारी केंद्र व गोदाम में ताला लगाकर चले गए जिस कारण उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। किसानों ने मांग रखी कि पहले केंद्र का ताला खुलवाया जाए और फिर टोकन वितरित कर खाद वितरित करवाई जाए।

गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से डीएपी खाद को लेकर लगातार किसान प्रदर्शन कर रहे हैं। अब सरसों की बिजाई का समय चल रहा है और किसानों को खाद नहीं मिल रही है। किसान संदीप कुमार, बंसीलाल, निहाल सिंह, कृष्ण कुमार, नीरज सहित सैकड़ो किसानों ने बताया कि वह सुबह इफको केंद्र के आगे लाइन में लग गए थे उन्हें टोकन तो बांट दिए गए लेकिन खाद नहीं दी गई। किसानों की भीड़ को देखते हुए इफको के केंद्र प्रभारी केंद्र को ताला लगाकर चले गए।, जिससे नाराज किसानों ने प्रदर्शन कर नारेबाजी शुरू कर दी। क्षेत्र के रुपाणा, शाहपुरिया, हजीरा, नाथूसरी कलां, लुदेसर, माखोसरानी तरकां वाली सहित कई गांवों के सैकड़ो किसान खाद के लिए भटकते रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma