हांसी : बिजली संकट से परेशान किसानों ने बरवाला रोड पर लगाया जाम
जेई के आश्वसन पर आधे घंटे बाद उठे ग्रामीण
हांसी, 13 जून (हि.स.)। यहां के बरवाला रोड स्थित गांव घिराए में बिजली आपूर्ति
ठप होने से नाराज किसानों ने रोड जाम कर दिया। किसान संघर्ष समिति हरियाणा के हांसी
हलका अध्यक्ष सतीश बूरा के नेतृत्व में किसानों ने शनिवार दोपहर यह प्रदर्शन
किया।
जाम लगा रहे किसानों ने कहा कि उनकी ढाणियों में पिछले तीन-चार दिनों
से बिजली सप्लाई बंद है। जिसके चलते ग्रामीणों के दैनिक कार्य, पशुपालन और खेती से
जुड़े काम प्रभावित हो रहे हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग ने कोई कार्रवाई
नहीं की, जिसके बाद उन्हें सड़क जाम करने पर मजबूर होना पड़ा।
किसानों द्वारा रोड जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और
यातायात बाधित हो गया। वहीं रोड़ जाम की सूचना मिलने पर बिजली विभाग के अधिकारी मौके
पर पहुंचे और किसानों से बातचीत शुरू की। लेकिन सड़क पर बैठे किसानों ने स्पष्ट किया
कि जब तक बिजली बहाल करने का ठोस आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
सड़क जाम की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे बिजली निगम के जेई सतबीर ने किसानों
को आश्वासन दिया कि उनकी समस्या का समाधान करते हुए शीघ्र ही गांव बिजली आपूर्ति बहाल
कर दी जाएगी। जेई से मिले आश्वासन के बाद किसान जाम समाप्त करने पर सहमत हो गए। करीब आधे घंटे तक चले जाम के बाद सड़क पर यातायात फिर से सामान्य हो गया। किसानों
ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय तक बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो वे इससे भी बड़ा
आंदोलन करने से गुरेज नहीं करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी बिजली विभाग और प्रशासन की होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

