पलवल: खेत में खाद डालते समय करंट लगने से किसान की मौत
पलवल,08 मई (हि.स.)। जिले के पारोली गांव में खेत में काम करते समय बिजली के तार की चपेट में आने से एक युवक किसान की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर अज्ञात बिजली कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पारोली गांव निवासी 23 वर्षीय बंसीलाल अपने पिता कुमरपाल के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से खेत में गोबर की खाद डालने गया था। बताया गया कि कुमरपाल ट्रैक्टर चला रहे थे, जबकि बंसीलाल ट्रॉली से खाद खाली कर रहा था। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार किलोवाट बिजली लाइन का नीचे झूल रहा तार उसके संपर्क में आ गया। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गया।
परिजन उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि खेत के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन के तार लंबे समय से नीचे झूल रहे थे। इसकी शिकायत कई बार बिजली विभाग से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने विभागीय लापरवाही को हादसे का कारण बताया है।
गदपुरी थाना प्रभारी कुलदीप ने शुक्रवार को बताया कि शिकायत के आधार पर बिजली कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

