home page

सिरसा: फर्जी शादी करवाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

 | 
सिरसा: फर्जी शादी करवाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार


सिरसा, 05 मई (हि.स.)। पुलिस ने फर्जी शादी करवाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते तीन आरोपियों को हिसार से गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनसे पैसे और आभूषण ऐंठने का काम करता था।

शहर थाना प्रभारी संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि जिले के गांव पंजुआना निवासी एक युवक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बिजली निगम में ड्राइवर के पद पर कार्यरत है और उसके एक साथी ड्राइवर ने उसे शादी करवाने का झांसा दिया। आरोपीे ने कहा कि उसकी पहचान के कुछ ऐसे लोगों से है जो पैसे लेकर शादी करवाते हैं। युवक की शादी के लिए सहमति होने पर उसे दो युवकों से मिलवाया गया, जिन्होंने शादी करवाने के बदले डेढ़ लाख रुपए की मांग की और लडक़ी तथा उसके परिवार की पूरी जिम्मेदारी लेने का आश्वासन दिया। आरोपियों ने पीडि़त को हिसार बुलाकर एक मकान में शिवानी नामक युवती से सगाई करवा दी। सगाई के नाम पर पीडि़त से डेढ़ लाख रुपए नकद और सोने के आभूषण ले लिए गए। काफी समय बाद जब शादी नहीं हुई तो आरोपियों ने बहाने बनाना शुरू कर दिया और बताया कि लडक़ी के माता-पिता की मौत हो गई है, जिससे शादी टाल दी गई है।

पीडि़त युवक को ठगी का संदेह हुआ और उसने शिकायत करने की बात कही तो आरोपियों ने अस्थायी तौर पर बिना शादी के युवती को उसके घर पर भेज दिया। शिवानी उसके घर आकर रहने लगी और तीन-चार दिनों के बाद रात को घर से नकदी और सोने के जेवरात लेकर एक अन्य महिला के साथ फरार हो गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों हिसार निवासी गोबिंद सिंह, नत्थुराम व अजाब सिंह को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह योजनाबद्ध तरीके से लोगों को शादी का झांसा देकर ठगी करता था। गौरतलब है कि इस मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma