home page

पानीपत में फर्जी रिहायशी प्रमाण पत्र बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ , मामला दर्ज

 | 
पानीपत में फर्जी रिहायशी प्रमाण पत्र बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ , मामला दर्ज


पानीपत, 09 मई (हि.स.)। पानीपत के वार्ड नंबर छह में सीएससी सेंटर संचालकों द्वारा पार्षद कोमल पांचाल के नाम और पद की फर्जी मोहर व हस्ताक्षर का उपयोग कर फर्जी सरकारी दस्तावेज तैयार करने का मामला सामने आया है। पार्षद ने पुलिस अधीक्षक को को लिखित शिकायत देकर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की मांग की है।

वार्ड छह की पार्षद कोमल पांचाल ने बताया कि हालही में उनके पास नूरवाला स्थित एक कंप्यूटर सेंटर का संचालक कुछ फाइलें लेकर आया। ये फाइलें रिहायशी प्रमाण पत्र बनवाने से संबंधित थी। जब पार्षद ने फाइलों की जांच की, तो वह दंग रह गई। उन फाइलों पर पार्षद के नाम की मोहर और हस्ताक्षर पहले से ही लगे हुए थे, जबकि पार्षद ने उन पर कभी हस्ताक्षर किए ही नहीं थे। पार्षद ने अपने स्तर पर पड़ताल की, तो एक बड़े गिरोह का नाम सामने आया। शिकायत में आरोप लगाया कि सतपाल नामक व्यक्ति आवेदकों को लेकर कमलजीत कौर सीएससी संचालक नूरवाला, सौरव सीएससी संचालक तहसील कैंप और शर्मा सीएससी संचालक नगर निगम के पास जाता है।

ये सभी आरोपी कथित तौर पर मिलीभगत कर पार्षद की फर्जी मोहर और जाली हस्ताक्षर फाइलों पर कर देते हैं और फिर उन्हें ऑनलाइन पोर्टल पर आगे फॉरवर्ड कर देते हैं। पार्षद कोमल पांचाल ने आशंका जताई है कि यह गिरोह काफी समय से सक्रिय है और इससे पहले भी न जाने कितने आवेदकों के दस्तावेजों पर उनके फर्जी हस्ताक्षर कर प्रमाण पत्र बनवाए जा चुके होंगे। उन्होंने कहा, यह न केवल मेरे पद का अपमान है, बल्कि सरकारी नियमों के साथ भी खिलवाड़ है। ऐसे गिरोह भोले-भाले लोगों से पैसे ठगते हैं और फर्जी कागजात तैयार करते हैं। थाना

तहसील कैंप प्रभारी बलजीत सिंह ने बताया शनिवार सुबह को कोमल पांचाल की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। और उनके रिकॉर्ड खंगाले जा रहे है। सबूत इकठ्ठा होते ही उनपर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पार्षद पति तरुण ने बताया कि यह एक गंभीर मामला है। कि कहीं ये बांग्लादेशियों के फर्जी हरियाणा रिहायशी प्रमाण पत्र तो नहीं बनवाते थे। यह जांच का विषय है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा