हिसार : सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों की एक्सटेंशन पर रोक लगाना जरूरी
हरियाणा में सभी एक्सटेंशन रद्द करे सरकार : नंदकिशोर
चावला
हिसार, 24 सितंबर (हि.स.)। सर्वजन समाज पार्टी
के राष्ट्रीय अध्यक्ष नंदकिशोर चावला ने गुरुवार काे हरियाणा सरकार से प्रदेश में दी गई सभी एक्सटेंशन
रद्द करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता
को भी एक्सटेंशन नहीं दी जानी चाहिए।
नंद किशोर चावला ने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या
में युवा रोजगार की तलाश में हैं, ऐसे में सेवानिवृत्त अधिकारियों को बार-बार सेवा
विस्तार दिए जाने से युवाओं के लिए अवसर सीमित होते हैं। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र
और राज्य सरकारों की ओर से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लगातार एक्सटेंशन देने का
सिलसिला जारी रहा तो इससे युवाओं में असंतोष बढ़ सकता है। उन्होंने दावा किया कि सेवा
विस्तार को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों के एक वर्ग में भी असंतोष है, जिसका असर
प्रशासनिक व्यवस्था पर पड़ सकता है।
नंदकिशोर चावला ने कहा कि सरकार एक ओर भ्रष्टाचार
पर अंकुश लगाने और प्रशासन में पारदर्शिता लाने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर लंबे
समय तक एक ही अधिकारियों को जिम्मेदारियां दिए जाने से व्यवस्था पर सवाल खड़े होते
हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बार-बार सेवा विस्तार देने
के बजाय योग्य और युवा अधिकारियों-कर्मचारियों को जिम्मेदारी देने पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने मांग की कि हरियाणा में वर्तमान में दी गई सभी एक्सटेंशन की समीक्षा कर उन्हें
समाप्त किया जाए तथा युवाओं और नए अधिकारियों को आगे बढ़ने के अवसर दिए जाएं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

