home page

जींद : किसान छात्र एकता संगठन ने सीआरएसयू डीन अकेडमिक को सौंपा ज्ञापन

 | 
जींद : किसान छात्र एकता संगठन ने सीआरएसयू डीन अकेडमिक को सौंपा ज्ञापन


जींद, 04 फ़रवरी (हि.स.)। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के साथ हो रहे शैक्षणिक अन्याय के खिलाफ बुधवार को किसान छात्र एकता संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने डीन ऑफ अकेडमिक से मुलाकात की। जिसमें बीएससी (भूगोल) द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों के बिना पूर्व सूचना विभाग से नाम काटे जाने पर रोष जताया। प्रतिनिधिमंडल ने डीन ऑफ अकेडमिक को अवगत कराया कि विद्यार्थियों की अंतिम परीक्षा 14 जनवरी को संपन्न हुई थी। 17 जनवरी को कक्षाएं शुरू होने की सूचना दी गई। जबकि 21 से 23 जनवरी तक विश्वविद्यालय में युवा महोत्सव आयोजित था और 26 जनवरी तक विश्वविद्यालय का आधिकारिक अवकाश घोषित था।

इसके बावजूद 29 जनवरी को विभाग द्वारा तानाशाही रवैया अपनाते हुए विद्यार्थियों के नाम काट दिए गए। संगठन ने प्रशासन की दोहरी और विरोधाभासी नीति पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि विश्वविद्यालय के कई विभागों में आज तक नियमित कक्षाएं प्रारंभ ही नहीं हुई हैं। जहां कक्षाएं नहीं लग रही, वहां कोई कार्रवाई नहीं है और जहां विद्यार्थी नियमित रूप से कक्षाएं अटेंड कर रहे हैं, वहीं उनके नाम काटे जा रहे हैं। यह चयनात्मक कार्रवाई विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़ा प्रश्नचिह्न है।

छात्र नेता विक्रम ने कहा कि यह साफ दिखाता है कि विश्वविद्यालय में नियम सबके लिए समान नहीं हैं। अगर यह भेदभाव तुरंत बंद नहीं हुआ है तो किसान छात्र एकता संगठन इस मुद्दे को आंदोलन में बदलेगा। छात्र नेता साहिल ने कहा कि जो विद्यार्थी कक्षा में आ रहे हैं, उन्हें ही दंडित किया जा रहा है। यह प्रशासनिक लापरवाही नही बल्कि छात्रों को डराने की कोशिश है। जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा