home page

जींद : 2615 किलो विस्फोटक सामग्री काे मिट्टी में दबाकर किया नष्ट

 | 
जींद : 2615 किलो विस्फोटक सामग्री काे मिट्टी में दबाकर किया नष्ट


जींद, 07 नवंबर (हि.स.)। थाना शहर सफीदों पुलिस ने विभिन्न मामलों में जब्त की गई करीब 2615 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री को नियमानुसार नष्ट कर दिया। इसमें बम, पटाखे, रॉकेट और अन्य विस्फोटक सामग्री शामिल थी। यह कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में की गई। पुलिस ने थाना परिसर में जेसीबी मशीन की सहायता से गड्ढा खुदवा कर पूरी सामग्री को मिट्टी में दबा कर नष्ट किया।

थाना शहर सफीदों प्रभारी चंद्रपाल ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि विस्फोटक अधिनियम की धारा 9बी के तहत दर्ज आठ मुकद्मों में पुलिस ने यह विस्फोटक सामग्री बरामद की थी। बरामदगी के बाद से यह सामग्री थाना के मालखाने में माल मुकद्में के रूप में जमा थी। निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसके निस्तारण की कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में थाना परिसर में जेसीबी मशीन से गड्ढा खुदवाया गया। इसके बाद करीब 2615 किलोग्राम बम, पटाखे, रॉकेट और अन्य विस्फोटक सामग्री को नियमानुसार मिट्टी में दबाकर नष्ट किया गया। पूरी कार्रवाई सुरक्षा मानकों और निर्धारित प्रक्रिया के तहत संपन्न करवाई गई।

इस दौरान थाना शहर सफीदों के प्रबंधक अफसर उप निरीक्षक चंद्रपाल, मालखाना मोहर्रिर ईएचसी रोहताश सहित अन्य पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे। आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जब्त की गई अवैध विस्फोटक सामग्री का नियमानुसार निस्तारण सुरक्षा के तहत किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा