हिसार : सरसों की हाइब्रिड किस्म आरएचएच 2101 से बढ़ेगी उत्पादन की उम्मीद, हकृवि का कंपनी से समझौता
142 दिन में पककर तैयार होगी किस्म, प्रति हेक्टेयर 28 से 30 क्विंटल तक है
उपज क्षमता
हिसार, 19 अक्टूबर (हि.स.)। सरसों की खेती में उत्पादन बढ़ाने और किसानों को
उन्नत बीज उपलब्ध करवाने की दिशा में यहां के हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय ने महत्वपूर्ण
पहल की है। विश्वविद्यालय ने अपनी ओर से विकसित सरसों की पहली हाइब्रिड किस्म आरएचएच
2101 के बीजों के उत्पादन और वितरण के लिए हिसार की शक्ति वर्धक हाइब्रिड सीड्स प्राइवेट
लिमिटेड के साथ समझौता किया है। इस पहल से विश्वविद्यालय की उन्नत किस्म के बीजों का
बड़े स्तर पर उत्पादन करने और किसानों तक उनकी उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज की उपस्थिति में साेमवार काे हुए समझौते पर
कंपनी के अनुसंधान एवं विकास प्रभाग के प्रमुख डॉ. राज बहादुर और विश्वविद्यालय के
अनुसंधान निदेशक डॉ. राजबीर गर्ग ने हस्ताक्षर किए। समझौते का उद्देश्य विश्वविद्यालय
के कृषि अनुसंधान को व्यावहारिक खेती से जोड़ना और विकसित किस्म के गुणवत्तापूर्ण बीज
अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाना है।
विश्वविद्यालय के अनुसंधान निदेशक डॉ. राजबीर गर्ग के अनुसार, सरसों की हाइब्रिड
किस्म आरएचएच 2101 लगभग 142 दिन में पककर तैयार हो जाती है। इसकी उपज क्षमता 28 से
30 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक है। इस किस्म में शाखाओं की संख्या अधिक होती है और प्रति
फली दानों की संख्या भी अपेक्षाकृत ज्यादा होती है। इसके दाने मध्यम आकार के हैं तथा
इनमें लगभग 40 प्रतिशत तेल अंश पाया जाता है। इन विशेषताओं के चलते यह किस्म सरसों
उत्पादक किसानों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।
विश्वविद्यालय की ओर से विकसित उन्नत किस्मों के बीजों का उत्पादन और वितरण
बढ़ाने के लिए निजी कंपनियों के साथ सहयोग किया जा रहा है। इससे अनुसंधान के स्तर पर
विकसित तकनीकों और बीजों को खेतों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। साथ ही, किसानों को
बेहतर गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध होने से कृषि उत्पादन बढ़ाने की संभावनाएं मजबूत होंगी।
इस अवसर पर ओएसडी डॉ. अतुल ढींगड़ा, मानव संसाधन प्रबंधन निदेशक डॉ. नरेश कौशिक,
कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. रमेश गोयल, डॉ. एसके पाहुजा, मीडिया सलाहकार डॉ.
संदीप आर्य, डॉ. रामअवतार, डॉ. वीरेंद्र मोर, डॉ. योगेश जिंदल, डॉ. जितेंद्र भाटिया,
डॉ. अनुराग सहित कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

