home page

जींद : देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के लिए जींद तैयार

 | 
जींद : देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के लिए जींद तैयार


जींद : देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के लिए जींद तैयार


जींद, 17 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा प्रदेश का जींद शुक्रवार को इतिहास बनाने जा रहा है। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को जींद से सोनीपत चलाया जा रहा है। जींद रेलवे जंक्शन को देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के उद्घाटन के लिए पूरी तरह दुल्हन की तरह सजाया गया है। स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाइड्रोजन ट्रेन को जींद जंक्शन से हरी झंडी दिखा कर रवाना करेंगे। जंक्शन को चारों तरफ से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की छावनी में तब्दील कर दिया गया है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्कूली बच्चों का जत्था ट्रेन में पहली बार सफर करने के लिए पहुंचना शुरू हो गया है। इसके अलावा जंक्शन पर अन्य रेल यात्रियों के लिए भी आवागमन की सुविधा को बरकरार रखा गया है।

दुल्हन की तरह सजा जींद जंक्शन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार सुबह 11 बजे जींद रेलवे जंक्शन से हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर जींद जंक्शन को दुल्हन की तरह सजाया गया है। हाइड्रोजन ट्रेन व जंक्शन को फूलों की साज-सज्जा दी गई है। जो हर किसी का ध्यान आकर्षित कर रही है। हालांकि रेलवे जंक्शन के अंदर किसी को जाने की इजाजत नही है।

उद्घाटन समारोह को देखते हुए जींद रेलवे जंक्शन को सुरक्षा घेरे में लिया गया है। पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां हर तरफ तैनात हैं। स्कूली बच्चे उत्साह से भरे हुए हैं, जो ट्रेन के पहले सफर का हिस्सा बनने जा रहे हैं। यह कार्यक्रम न केवल रेलवे के आधुनिकीकरण का प्रतीक हैए बल्कि स्वच्छ ऊर्जा और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम है। हाइड्रोजन ट्रेन के उद्घाटन के बाद पीएम नरेंद्र मोदी हुडा ग्राउंड में रैली को संबोधित करेंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री द्वारा हरियाणा में हजारों करोड़ रुपये की अन्य विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा