home page

यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा में झज्जर जिले के अभ्यर्थियों का रहा शानदार प्रदर्शन

 | 
यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा में झज्जर जिले के अभ्यर्थियों का रहा शानदार प्रदर्शन


झज्जर, 09 मार्च (हि.स.)। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा घोषित सिविल सेवा परीक्षा-2025 के परिणाम में जिला झज्जर के अभ्यर्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने सोमवार को लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में जिले के सफल अभ्यर्थियों से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उपायुक्त ने कहा कि जिला झज्जर के लिए यह अत्यंत गौरव की बात है कि सामान्य पृष्ठभूमि से आने वाले युवाओं ने देश की प्रतिष्ठित अखिल भारतीय सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कड़ी मेहनत, समर्पण और दृढ़ संकल्प के बल पर इन युवाओं ने यह उपलब्धि हासिल की है, जो जिले के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि सिविल सेवक सरकार की नीतियों को प्रभावी ढंग से लागू करते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं।

इस अवसर पर सफल अभ्यर्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर एकाग्रता के साथ मेहनत करना ही सफलता की कुंजी है। सही दिशा में निरंतर प्रयास करने से सफलता अवश्य मिलती है। सफल अभ्यर्थियों में पांच बेटियां भी शामिल हैं, जो महिला सशक्तिकरण का प्रतीक हैं और क्षेत्र की छात्राओं को सिविल सेवा में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेंगी

बहादुरगढ़ के सेक्टर-6 में रह रही मूल रूप से गांव मांडौठी की राखी ने सिविल सेवा परीक्षा में 65वीं रैंक हासिल की है। गांव साल्हावास निवासी जतिन जाखड़ ने परीक्षा में 191वीं रैंक हासिल की है। गांव बादली की बेटी प्रख्या गुलिया ने 265 वीं, गांव खेड़ी सुल्तानपुर की बेटी शीतल चौहान ने 405 वीं, गांव पहाड़ीपुर अछेज की बेटी डॉ. अंकिता सिवाच ने 442 वीं और गांव डीघल निवासी साहिल अहलावत ने सिविल सेवा परीक्षा में 735वीं रैंक प्राप्त की है। बहादुरगढ़ सहकारी समिति के सहायक रजिस्ट्रार जीत कुमार भुक्कल ने इस परीक्षा में 776वीं रैंक प्राप्त की है और गांव जसौर खेड़ी निवासी मानसी ने सिविल सेवा परीक्षा में 852वीं रैंक हासिल की है।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त जगनिवास, झज्जर के एसडीएम अंकित कुमार चौकसे, बहादुरगढ़ के एसडीएम अभिनव सिवाच, बेरी की एसडीएम रेणुका नांदल, बादली के एसडीएम डॉ. रमन गुप्ता, नगराधीश नमिता कुमारी, डीआईपीआरओ सतीश कुमार और सफल अभ्यर्थियों के अभिभावक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शील भारद्वाज