अब मेरिट से मिलेगी एक्सीलेंस स्कूलों में पोस्टिंग
चंडीगढ़, 01 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने प्रदेश के राजकीय मॉडल संस्कृति, पीएमश्री और मुख्यमंत्री अर्ली इंग्लिश एंड एक्सीलेंस विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। नई शिक्षक स्थानांतरण नीति-2026 (न्यू टीचर ट्रांसफर पालिसी-2026) के तहत अब शिक्षकों की तैनाती वरिष्ठ या सामान्य स्थानांतरण के आधार पर नहीं होगी, बल्कि 100 अंकों की मेरिट आधारित स्क्रीनिंग प्रक्रिया के तहत होगी। 100 अंकों के स्क्रीनिंग टेस्ट के तहत शैक्षणिक उपलब्धि, मेरिट और शिक्षक की वरीयता को तरजीह दी जाएगी। विद्यालय शिक्षा विभाग ने शिक्षक तैनाती नीति-2026 जारी कर स्पष्ट कर दिया है कि उत्कृष्ट विद्यालयों में स्क्रीनिंग प्रक्रिया को पूरा करने वाले ही शिक्षक नियुक्ति के पात्र होंगे। शिक्षा विभाग की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि उत्कृष्ट विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। इसके साथ ही, इन विद्यालयों में सर्वश्रेष्ठ शिक्षकों की नियुक्ति कर शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का भी विजन भी पूरा होगा।
शिक्षा विभाग की ओर से पीएमश्री, संस्कृति मॉडल और सीएमईईई स्कूलों में नई शिक्षक स्थानांतरण नीति-2026 के तहत स्पष्ट किया है कि स्क्रीनिंग प्रक्रिया 100 अंकों की मेरिट के आधार पर की जाएगी, जिसमें जिसमें 40 अंक (कुछ श्रेणियों के लिए 30 अंक) शैक्षणिक योग्यता तथा 60 अंक स्क्रीनिंग परीक्षा के होंगे।
स्क्रीनिंग परीक्षा संबंधित विषय और पद के अनुसार आयोजित की जाएगी। यदि दो शिक्षकों के कुल अंक समान होते हैं तो स्क्रीनिंग परीक्षा में अधिक अंक प्राप्त करने वाले शिक्षक को प्राथमिकता मिलेगी। इसके बाद भी समानता रहने पर अधिक आयु वाले शिक्षक को वरीयता दी जाएगी।
नई शिक्षक स्थानांतरण नीति-2026 के तहत स्क्रीनिंग टेस्ट में सफल शिक्षक को किसी विशेष विद्यालय में तैनाती का स्वत: अधिकार नहीं होगा। रिक्त पद, शिक्षक की वरीयता और मेरिट के आधार पर ऑनलाइन विद्यालय आवंटित किए जाएंगे। स्क्रीनिंग के माध्यम से तैनात शिक्षक एक ही संस्कृत मॉडल स्कूल, पीएमश्री व सीएमईईई इकाई में अधिकतम 10 वर्ष, जबकि सामान्य स्थानांतरण अभियान के माध्यम से पहुंचे शिक्षक अधिकतम 5 वर्ष तक ही कार्य कर सकेंगे। स्क्रीनिंग परीक्षा की वैधता तीन वर्ष होगी और अतिरिक्त सफल अभ्यर्थियों को भविष्य की रिक्तियों के लिए पूल में रखा जाएगा।
----
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

