home page

जींद : अमर शहीदों के सपनों को साकार करने में हर प्रदेशवासी दे योगदान: संजय भाटिया

 | 
जींद : अमर शहीदों के सपनों को साकार करने में हर प्रदेशवासी दे योगदान: संजय भाटिया


जींद, 15 अगस्त (हि.स.)। राज्यसभा सांसद संजय भाटिया ने कहा कि आजादी हमें वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से मिली है। उनके सपनों को साकार करने के लिए हर प्रदेशवासी को अपना योगदान देना चाहिए। संजय भाटिया शनिवार को नई अनाज मंडी में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। इससे पहले सांसद ने गोहाना रोड स्थित शहीदी स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया। सांसद संजय भाटिया ने प्रदेशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे वीर सैनिकों को भी नमन किया।

उन्होंने कहा कि हरियाणा विकास, रोजगार, आधुनिक परिवहन और हरित तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सामाजिक न्याय, गरीबों के कल्याण, किसानों की आय बढ़ाने और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सरकार द्वारा अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं और महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। देश और प्रदेश की प्रगति के लिए सभी को अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारी से निर्वहन करना चाहिए।

समारोह के दौरान राज्यसभा सांसद ने स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों के परिजनों और वीरांगनाओं को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। उल्लेखनीय कार्य करने वाले 32 अधिकारियों, कर्मचारियों और सामाजिक व्यक्तियों को भी प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने पीटी और डंबल शो भी प्रस्तुत किया। डीएसपी सतीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट्स और अन्य टुकड़ियों ने शानदार परेड में हिस्सा लिया। परेड में एनसीसी गर्ल्स की टुकड़ी प्रथम रही। हरियाणा पुलिस महिला टुकड़ी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि एनसीसी ब्वायज की टुकड़ी तृतीय स्थान पर रही। देशभक्ति और उत्साह से भरे इस जिला स्तरीय समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा