home page

इंजीनियरिंग डिग्री-डिप्लोमा वाले युवा बनेंगे सरकारी ठेकेदार

 | 

सरकार कराएगी ट्रेनिंग, फिर सरकारी विभागों के काम में उतरेंगे युवा

25 लाख रुपये के विकास कार्य लेने की पात्रता

चंडीगढ़, 23 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार इंजीनियरिंग पढ़े युवाओं को सरकारी ठेकेदारी के लिए तैयार कर रही है। कांट्रेक्टर सक्षम युवा योजना में इस साल आठ हजार युवाओं को तीन महीने की ट्रेनिंग दी जाएगी। इनमें कक्षा के साथ निर्माण स्थल पर काम सीखने की व्यवस्था भी होगी।

ट्रेनिंग और मूल्यांकन पूरा करने वाले युवाओं का सरकारी पोर्टल पर पंजीकरण होगा और वे निर्धारित शर्तों के साथ 25 लाख रुपये के विकास कार्यों के लिए ठेके ले सकेंगे। सरकार ने इसके लिए शुरुआती पूंजी का इंतजाम भी योजना में जोड़ा है। पात्र युवा एक साल के लिए तीन लाख रुपये का ब्याज-मुक्त बैंक ऋण ले सकेंगे।

इस तरह इंजीनियरिंग की तकनीकी योग्यता रखने वाले युवाओं को ट्रेनिंग से लेकर अपना पहला सरकारी काम शुरू करने तक एक पूरा ढांचा उपलब्ध कराया जा रहा है। तीन महीने की ट्रेनिंग में युवाओं को सरकारी विकास कार्यों की प्रक्रिया और ठेकेदारी से जुड़े तकनीकी व व्यावहारिक पहलुओं के साथ मौके पर काम का अनुभव भी दिया जाएगा। यानी इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद सीधे सरकारी काम की दुनिया में उतरने से पहले उन्हें काम लेने, समझने और संभालने की तैयारी कराई जाएगी। श्रीविश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय को प्रशिक्षण साझेदार बनाया गया है। विश्वविद्यालय संबंधित विभाग के साथ प्रशिक्षण केंद्र और बैच तय करेगा। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद तृतीय-पक्ष मूल्यांकन होगा। सफल अभ्यर्थियों को प्रमाण-पत्र दिया जाएगा।

ट्रेनिंग और मूल्यांकन में सफल युवाओं का हरियाणा इंजीनियरिंग वर्क्स पोर्टल पर पंजीकरण कराया जाएगा। निर्धारित शर्तें पूरी करने वाले युवा पंचायती राज संस्थाओं, शहरी स्थानीय निकायों और अन्य सरकारी विभागों के विकास कार्यों में ठेकेदार के रूप में भाग ले सकेंगे। ठेकेदारी शुरू करने के लिए फर्म और जरूरी दस्तावेज तैयार करने होंगे।

सरकार ने युवा ठेकेदारों के सामने आने वाली शुरुआती पूंजी की जरूरत को भी योजना में शामिल किया है। पात्र युवाओं को तीन लाख रुपये तक का एक साल के लिए ब्याज-मुक्त बैंक ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। यह अनुदान या स्टाइपेंड नहीं होगा, बल्कि बैंक से मिलने वाला ऋण होगा। इंजीनियरिंग योग्यता से शुरुआत होगी, ट्रेनिंग और साइट अनुभव मिलेगा, मूल्यांकन के बाद प्रमाण-पत्र मिलेगा, सरकारी पोर्टल पर पंजीकरण होगा और फिर बैंक ऋण की मदद से काम शुरू करने का रास्ता खुलेगा।

2026-27 के बजट में कांट्रेक्टर सक्षम युवा योजना के लिए 51.50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसी चरण में 8 हजार युवाओं को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था है। पंजीकृत युवाओं का विवरण आगे की प्रशिक्षण प्रक्रिया के लिए श्रीविश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के साथ साझा किया जाएगा। हरियाणा निवासी 18 से 40 वर्ष की आयु के बेरोजगार बीई, बीटेक और इंजीनियरिंग डिप्लोमा धारक युवा योजना में आवेदन कर सकेंगे। परिवार पहचान पत्र जरूरी होगा। हरियाणा सरकार की सीईटी मेरिट सूची में पात्रता भी अनिवार्य है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा