पानीपत से बच्चे का अपहरण करके भाग रहे तीन बदमाश रोहतक मुठभेड़ में काबू
रोहतक पुलिस ने बच्चे को किया बरामद, साथी महिला आरोपी की तलाश जारी
रोहतक, 13 जून (हि.स.)। सदर थाना के अंतर्गत गांव किलोई के पास बदमाशों व पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई और गोली लगने से घायल हुए तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि बदमाश पानीपत से एक अधीक्षक अभिंयता के घर के बाहर से बच्चे का अपहरण करके लाए थे। तीनों बदमाशों को पीजीआई में भर्ती कराया गया और पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस के आलाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और इस बारे में पता किया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। बताया जा रहा है कि अपहरणकर्ताओं ने परिजनों से एक करोड़ की फिरौती मांगी थी। पुलिस के अनुसार बीती देर रात पानीपत से तीन बदमाश एक अधीक्षक अभियंता सुनीता के घर के बाहर से बच्चे का अपहरण कर ले गए। मामले का पता चलने पर पानीपत पुलिस की टीम अपहरणकर्ता की तलाश में जुट गई।
इसी दौरान शनिवार को रोहतक पुलिस को सूचना मिली कि गांव किलोई के पास कार सवार कुछ युवक एक बच्चे को लेकर घूम रहे है। सूचना पाकर पानीपत, गोहाना व रोहतक पुलिस की टीम ने किलोई गांव के पास कार को घेर लिया, जिसे देखकर बदमाशों ने कार से बच्चे को फेंक दिया और गाड़ी दौड़ा दी। पुलिस ने घेराबंदी कर दी तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरु कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग करते हुए तीन बदमाशों को पैर में गोली लगी और पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया। पुलिस ने तुरंत बच्चे को भी संभाला और इस बारे में परिजनों को सूचना दी। बताया जा रहा है कि योजनाबद्व तरीके से बच्चे का अपहरण किया गया था, जिसमें एक महिला भी आरोपी है। जिसकी तलाश की जा रही है। पानीपत पुलिस अधीक्षक का कहना है कि तीन बदमाशों को काबू किया है और बच्चे को बरामद कर लिया है।
----
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

