हिसार : विश्वविद्यालय के विकास में प्रत्येक कर्मचारी का भरपूर योगदान : प्रो. बीआर कम्बोज
हकृवि में 38 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को किया सम्मानित
कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने शॉल व स्मृति चिह्न भेंट कर दी विदाई
हिसार, 01 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में सेवानिवृत्त कर्मचारियों
के सम्मान में रविवार काे सेवा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के फ्लैचर भवन
स्थित सभागार में आयोजित इस समारोह में कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज मुख्य अतिथि रहे।
उन्होंने पिछले तीन माह के दौरान सेवानिवृत्त हुए 38 वैज्ञानिकों एवं कर्मचारियों को
शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने रविवार काे सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्वस्थ,
सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वविद्यालय के प्रति उनकी समर्पित सेवाओं
की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों ने अपने सामूहिक प्रयासों, मेहनत और
निष्ठा से विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
यह सभी के योगदान का ही परिणाम है कि आज विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। उन्होंने सेवानिवृत्त
कर्मचारियों से विश्वविद्यालय के साथ अपना जुड़ाव बनाए रखने तथा इसके विकास में भविष्य
में भी सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को अपने
अनुभव और कार्यकुशलता भावी पीढ़ी के साथ साझा करने चाहिए, ताकि युवा कर्मचारी भी उनसे
प्रेरणा लेकर धैर्य, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें। उन्होंने
यह भी कहा कि विश्वविद्यालय में आने वाले प्रत्येक सेवानिवृत्त कर्मचारी को उचित मान-सम्मान
दिया जाना चाहिए।
विश्वविद्यालय के वित्त नियंत्रक नवीन जैन ने समारोह में सेवानिवृत्त कर्मचारियों
का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के द्वार सेवानिवृत्त कर्मचारियों के
लिए हमेशा खुले हैं और वे अपनी किसी भी आवश्यकता या कार्य के लिए कभी भी विश्वविद्यालय
आ सकते हैं। उन्होंने कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले विभिन्न वित्तीय
एवं अन्य लाभों की भी विस्तार से जानकारी दी। कुलसचिव डॉ. पवन कुमार ने सेवानिवृत्त वैज्ञानिकों एवं कर्मचारियों को बधाई
देते हुए उनके स्वस्थ जीवन और दीर्घायु की कामना की। समारोह में ओएसडी डॉ. अतुल ढींगड़ा,
उप वित्त नियंत्रक शोभित कपूर तथा सहायक कुलसचिव निशा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित
रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

