हिसार : वेतन नहीं मिलने पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने मनाई काली दिवाली
लिखित आश्वासन के बावजूद भुगतान नहीं होने से कर्मचारियों में रोष, आंदोलन
की चेतावनी
हिसार, 06 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा राज्य चतुर्थ श्रेणी सरकारी कर्मचारी यूनियन
की जिला कमेटी हिसार ने वेतन और दिवाली एडवांस का भुगतान नहीं होने के विरोध में शुक्रवार
को काली दिवाली मनाई। यूनियन ने आरोप लगाया कि 27 अक्टूबर को अधिकारियों के साथ हुई
बैठक में सात मांगों पर सहमति बनने और लिखित आश्वासन मिलने के बावजूद राजकीय पशुधन
फार्म के अधीन उपनिदेशक पशुपालन परियोजना क्षेत्र-3 और उपनिदेशक भेड़ प्रजनन फार्म
कार्यालय के कर्मचारियों को वेतन व दिवाली एडवांस का भुगतान नहीं किया गया।
जिला प्रधान छबील दास मौलिया ने शुक्रवार काे कहा कि सरकार की घोषणा के अनुसार 30 अक्टूबर
तक कर्मचारियों को वेतन और दिवाली एडवांस मिलना था, लेकिन भुगतान लंबित रहने से कर्मचारियों
को त्योहार पर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि दूध के कूपन
नहीं बनने से कर्मचारियों को बाजार भाव पर दूध खरीदना पड़ रहा है। वहीं, सेवानिवृत्त
कर्मचारियों के वित्तीय लाभ और कर्मचारियों के जीपीएफ से शादी एडवांस संबंधी मामले
भी लंबित हैं।
उन्होंने कहा कि समय पर वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों को बैंक ऋण की किश्तें
चुकाने में परेशानी हो रही है। देरी के कारण उन्हें पेनल्टी भुगतनी पड़ सकती है और
सिबिल स्कोर पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। यूनियन ने मुख्य अधीक्षक, राजकीय पशुधन फार्म से दोनों कार्यालयों के कर्मचारियों
का लंबित वेतन और दिवाली एडवांस जल्द जारी करवाने की मांग की है। जिला प्रधान ने चेतावनी
दी कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं हुआ तो जिला कमेटी की बैठक बुलाकर आगामी बड़े आंदोलन की
घोषणा की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

