शहीद हसन खां मेवाती मेडिकल कॉलेज में ओरल कैंसर जागरूकता एवं स्क्रीनिंग कार्यक्रम आयोजित
नूंह, 16 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत शहीद हसन खां मेवाती राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नल्हड़ में डेंटल विभाग की ओर से ओरल कैंसर जागरूकता एवं स्क्रीनिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कॉलेज के निदेशक डॉ. मुकेश कुमार की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को मुंह के कैंसर के शुरुआती लक्षणों, बचाव के उपायों तथा समय पर जांच और उपचार के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के दौरान 50 से अधिक मरीजों को ओरल कैंसर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
डेंटल विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अमिता शर्मा ने लोगों को संबोधित करते हुए ओरल कैंसर के प्रमुख लक्षणों, संभावित जोखिम कारकों और बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुंह में लंबे समय तक छाले रहना, न भरने वाले घाव, सफेद या लाल धब्बे दिखाई देना, मुंह खोलने में परेशानी होना तथा निगलने में कठिनाई जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। इस प्रकार के लक्षण सामने आने पर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेकर जांच करवाना जरूरी है।
उन्होंने लोगों को तंबाकू, गुटखा, खैनी, सुपारी तथा अन्य हानिकारक पदार्थों के सेवन से दूर रहने की सलाह दी। साथ ही मुंह की स्वच्छता बनाए रखने और नियमित रूप से दांतों की जांच करवाने के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ओरल कैंसर की समय रहते पहचान होने से उचित उपचार की दिशा में समय पर कदम उठाए जा सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान मरीजों को कैंसर से बचाव, जरूरी सावधानियों तथा उपलब्ध जांच सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई। इसके माध्यम से लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और किसी भी संदिग्ध लक्षण को अनदेखा न करने के लिए प्रेरित किया गया। कॉलेज के निदेशक डॉ. मुकेश कुमार के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनहित से जुड़े विभिन्न स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में डेंटल विभाग की यह पहल लोगों तक स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी पहुंचाने और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रही।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

