जींद :सरकार समाज के सभी वर्गों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध : जसमेर सिंह बंजारा
जींद, 02 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा विमुक्त घुमंतू एवं अर्ध घुमंतू कल्याण बोर्ड के चेयरमैन जसमेर सिंह बंजारा ने कहा कि विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध घुमंतू जातियों के पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें सरकार द्वारा संचालित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए। सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
चेयरमैन जसमेर सिंह बंजारा गुरुवार को लघु सचिवालय में अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। डीएनटी के चेयरमैन जसमेर सिंह बंजारा ने कहा कि हरियाणा की नायब सरकार समाज के सभी वर्गों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा विमुक्त एवं घुमंतू समुदाय के लोगों के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचे। शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोजगार, कौशल विकास, आवास, सामाजिक सुरक्षा, छात्रवृत्तिए पेंशन तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ डीएनटी जाति के पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा की जाए और पात्र लाभार्थियों को बिना किसी अनावश्यक देरी के लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि जींद हांसी रोड स्थित टपरिवास कॉलोनी में रह रहे लोगों के लिए बिजली, पीने के स्वच्छ पानी, सीवरेज की सफाई व्यवस्था, वहां रह रहे लोगों के आधार कार्ड, राशन कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, वोटर कार्ड, जाति प्रमाण पत्र जैसी मुलभूत सुविधाएं मुहैया करवाना सुनिश्चित करे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

