home page

गुरुग्राम के सोहना चौक पर 340.78 करोड़ से बनेगा एलिवेटेड कॉरिडोर

 | 

- 2.75 किलोमीटर लंबे 6- लेन कॉरिडोर से मिलेगी जाम से मुक्ति

चंडीगढ़, 16 नवंबर (हि.स.)। केंद्र सरकार ने गुरुग्राम जिले के सोहना क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात देते हुए सोहना चौक पर 2.75 किलोमीटर लंबे 6-लेन एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण के लिए 340.78 करोड़ रुपए की राशि मंजूर की है।

हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने यह राशि मंजूर किए जाने पर केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एनएच-919 और एनएच-248ए के जंक्शन पर बनने वाला यह एलिवेटेड कॉरिडोर सोहना में यातायात व्यवस्था को नई गति देगा। इससे गुरुग्राम-नूंह के बीच गुजरने वाले ट्रैफिक को स्थानीय एवं क्रॉस ट्रैफिक से अलग किया जा सकेगा और वाहनों को अधिक सुगम एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी।

गंगवा ने कहा कि एलिवेटेड कॉरिडोर बनने से सोहना चौक पर यातायात का दबाव कम होगा, सडक़ क्षमता बढ़ेगी और यात्रियों के समय की बचत होगी। साथ ही, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और केएमपी एक्सप्रेस वे से क्षेत्र की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी। इस परियोजना से न केवल वर्तमान यातायात व्यवस्था को राहत मिलेगी, बल्कि क्षेत्र की भविष्य की जरूरतों को देखते हुए भी बेहतर सडक़ कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी।

रणबीर गंगवा ने इस महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी प्रदान करने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में सडक़ बुनियादी ढांचे को लगातार नई मजबूती मिल रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा