home page

जींद : नशा तस्करों के घरों में चल रहे बिजली व पानी के अवैध कनेक्शन काटे

 | 
जींद : नशा तस्करों के घरों में चल रहे बिजली व पानी के अवैध कनेक्शन काटे


जींद, 16 जून (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह के दिशा-निर्देशन में मंगलवार को नशा तस्करों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चमेला कॉलोनी नरवाना में व्यापक संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया। इस अभियान में जींद पुलिस, बिजली विभाग तथा जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए कई अनियमितताओं का खुलासा किया। सात मकानों में बिजली चोरी पकड़ कर लगभग डेढ़ लाख रुपये जुर्माना लगाया गया। वहीं अवैध पानी के 25 कनेक्शनों को काटा गया।

उप पुलिस अधीक्षक नरवाना कमलदीप राणा ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि पीएसआई सोनू के नेतृत्व में बिजली विभाग तथा जनस्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने कुल सात मकानों में बिजली चोरी पकड़ी। मौके पर ही संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करते हुए लगभग एक लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं जन स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अवैध रूप से लगाए गए 25 पानी के कनेक्शनों को मौके पर ही काट दिया। जिससे सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग पर प्रभावी अंकुश लगाया गया। इस प्रकार के संयुक्त अभियान का उद्देश्य न केवल नशा तस्करों और अपराधियों पर शिकंजा कसना है बल्कि उन क्षेत्रों में कानून व्यवस्था को मजबूत करना भी है, जहां असामाजिक गतिविधियों की आशंका रहती है।

अभियान के दौरान क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर भी विशेष निगरानी रखी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी, बिजली चोरी, सरकारी संसाधनों के अवैध उपयोग तथा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन से भी अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समाज को अपराध एवं नशे जैसी बुराइयों से मुक्त बनाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा