सिरसा: करंट लगने से बिजलीकर्मी की मौत
सिरसा, 06 मई (हि.स.)। सिरसा में बिजली ठीक करते समय करंट लगने से लाइनमैन की मौत हो गई। साथी कर्मचारी अचेतावस्था में उसे एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जिले के गांव दड़बी निवासी अमन (एएलएम) साथी कर्मचारियों के साथ मंगलवार रात काे शहर के हुडा सेक्टर 20 में बिजली फाल्ट ठीक करने गया था। बताया जा रहा है कि अमन बिजली के खंभे पर चढ़ा तो अचानक उसे जोरदार करंट लगा और वह नीचा आ गिरा, जिससे वह बेहोश हो गया। साथी कर्मचारी उसे एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अमन दो-ढाई साल पहले ही बिजली निगम में एएलएम लगा था और दो साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। उसका एक साल का बेटा है। अमन के पिता मजदूरी का कार्य करते हैं। यह घटना सामने वाले घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें अमन जैसे ही बिजली के खंभे पर चढ़ा तो अचानक जोरदार धमाका हुआ और चिंगारी निकली जिसके साथ ही अमन तेजी से नीचे गिर गया और उसकी मौत हो गई। शव का बुधवार को नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

