home page

फतेहाबाद में अंतिम संस्कार के बाद नहीं मिली बुजुर्ग की अस्थियां

 | 

फतेहाबाद, 16 मार्च (हि.स.)। जिले के गांव जमालपुर में एक बुजुर्ग के अंतिम संस्कार के बाद परिजनों को उनकी अस्थियां नहीं मिल सकीं। जिससे कोहराम मच गया। बताया गया है कि श्मशान में चल रहे भूमि समतलीकरण के दौरान अनजाने में अस्थियों को जमीन में मिट्टी साथ दबा दिया गया। गाँव के सरपंच प्रतिनिधि कृष्ण कुमार ने बताया कि गांव के बुजुर्ग रमेश कुमार का कुछ दिन पहले निधन के बाद अंतिम संस्कार किया गया था। सोमवार को मृतक के परिजन जब अस्थियां चुगने पहुंचे तो चिता का स्थान समतल मिला और अस्थियां गायब थी। जिससे उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पुलिस को बुलाया गया।

बवाल इतना बढ़ गया कि श्मशान में भारी संख्या मैं ग्रामीण एकत्र हो गए।

सरपंच प्रतिनिधि ने बताया कि श्मशान भूमि में पंचायती राज विभाग द्वारा शेड और चबूतरों का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। जमीन ऑपरेटर की लापरवाही से उस चिता स्थल पर जेसीबी मशीन चलाकर जगह को समतल कर दिया गया जहां बुजुर्ग रमेश का अंतिम संस्कार किया गया था। आज जब मृतक रमेश की अस्थियां नहीं मिली तो कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर ठेकेदार वी जेसीबी ऑपरेटर को मौके पर बुलाया गया। दोनो ने मृतक के परिजनों से माफी मांगते हुए कहा ये घटना उनसे अनजाने में हुई है। परिजनों ने मौके पर जेसीबी मशीन मंगवाकर खुदाई करवाई, सभी ने पुनः मिट्टी से अस्थियों को सम्मानपूर्वक चुना।

पंचायती तौर पर निर्णय लिया गया कि श्मशान भूमि में मृतक के सम्मान में वृक्षारोपण किया जाएगा। मामले के पंचायती तौर पर निपट जाने के बाद संतुष्ट हुए मृतक के परिजन बुजुर्ग रमेश की अस्थियां लेकर हरिद्वार रवाना हो गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा