हिसार : जलभराव का पानी निकालने के विवाद में बुजुर्ग को दिया धक्का, गिरने से मौत
पुलिस ने भट्ठे के मुंशी के खिलाफ किया केस दर्ज
हिसार, 31 अगस्त (हि.स.)। नारनौंद क्षेत्र के गांव पेटवाड़ के खेतों में स्थित
ईंट भट्टे से जलभराव का पानी निकालने पर हुए विवाद में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की जान
चली गई। आरोप है कि बहस के दौरान धक्का लगने से बुजुर्ग जमीन पर गिर पड़े और मौके पर
ही उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया
है और मृतक के बेटे की शिकायत पर भट्टे के मुंशी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर जांच
शुरू कर दी है।
घटना के संबंध में मृतक रणवीर सिंह के बेटे अनूप ने बताया कि उनका परिवार खेतों
में ही मकान बनाकर रहता है। उन्होंने अपनी जमीन का कुछ हिस्सा वीरेंद्र गुलिया को ईंट
भट्ठा लगाने के लिए किराए पर दिया हुआ है। हाल ही में हुई बारिश के कारण भट्टे परिसर
में पानी भर गया था। रविवार की देर रात उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के गोपालपुर
गांव निवासी मुंशी श्रीपाल एक युवक को साथ लेकर जेसीबी से नाली खुदवाकर पानी की निकासी
कराने लगा।
अनूप का आरोप है कि नाली खोदने से पानी उनके और उनके चाचा सुरेंद्र पाल के
घर के आने-जाने वाले रास्ते पर आने लगा। जब परिवार के लोग जेसीबी का काम रुकवाने पहुंचे
तो मुंशी श्रीपाल ने उनके पिता रणवीर सिंह को धक्का दे दिया। जमीन पर गिरते ही बुजुर्ग
की मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में
लेकर हांसी के नागरिक अस्पताल भेजा, जहां सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों
को सौंप दिया गया। नारनौंद थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ढिल्लों ने बताया कि मृतक के
बेटे के बयान पर मुंशी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

