home page

सिरसा: आठ नशा तस्कर गिरफ्तार

 | 
सिरसा: आठ नशा तस्कर गिरफ्तार


सिरसा, 27 मई (हि.स.)। : पुलिस ने नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए जिले क्षेत्र से आठ नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चूरापोस्त व हेरोइन बरामद की है। पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस ने गांव बणी क्षेत्र से कार सवार तीन युवकों को साढ़े नौ किलोग्राम पोस्त सहित काबू किया है। पुलिस टीम गश्त के दौरान सुरेवाला रोड गांव बणी क्षेत्र मे मौजूद थी। इस दौरान गांव बणी की तरफ से एक कार आती दिखाई दी। सामने पुलिस की गाड़ी को देखकर चालक ने कार को अचानक वापस मोडक़र भागने का प्रयास किया। पुलिस ने शक के आधार पर कार सवार युवकों को काबू कर तलाशी ली तो कार में रखे प्लास्टिक थैले से साढ़े नौ किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राजस्थान के हनुमानगढ़ जिला निवासी सोनू, बल्लू व फौजा सिंह के रुप में हुई है।

पुलिस ने रोङी क्षेत्र से दो युवकों को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। सीआईए सिरसा प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान सुरतिया रोड नहर पुल से रोङ़ी की तरफ जा रही थी। नहर पुल के पास पहुंची तो सामने की तरफ से दो युवक पैदल आते दिखाई दिए जो कि पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने शक के आधार पर उन्हें दबोच लिया और तलाशी लेने पर उनके कब्जे से सात ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जसप्रीत सिंह व सुखजिंद्र सिंह के रूप में हुई।

इसके अलावा पुलिस ने डबवाली क्षेत्र से सोनी सिंह, बलबीर सिंह, मनदीप सिंह व विवेक को 13 ग्राम हेरोइन सहित काबू किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी मनदीप सिंह, बलबीर व विवेक के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma