सिरसा: कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका, इस्तीफे की मांग
सिरसा, 28 सितंबर (हि.स.)। वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर रोष प्रदर्शन किया और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका। कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष बैनीवाल ने कहा कि चुनावों के दौरान बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई है। लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे ताकतवर हथियार है, लेकिन चुनावों में खुलेआम वोट चोरी की गई है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। जनता के संवैधानिक अधिकारों का हनन किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने सीधे तौर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर पद की गरिमा के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया और कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने में असमर्थ रहे मुख्य चुनाव आयुक्त को तुरंत अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का मत उसका संवैधानिक अधिकार है और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा निष्पक्षता पर जनता का विश्वास कायम रहना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया एवं मतदाता सूचियों से संबंधित उठाए जा रहे सवालों का पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाना चाहिए। पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे, चुनावी प्रक्रिया से जुड़े निर्णयों की समीक्षा तथा वोट चोरी एवं एसआईआर से संबंधित शिकायतों की जांच की मांग उठाई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

