home page

जींद : वोटों में कथित हेराफेरी और मतदाता अधिकारों पर हमले के विरोध में किया प्रदर्शन

 | 
जींद : वोटों में कथित हेराफेरी और मतदाता अधिकारों पर हमले के विरोध में किया प्रदर्शन


जींद, 10 अक्टूबर (हि.स.)। वोटों में कथित हेराफेरी और मतदाता अधिकारों के सवाल पर सीटू कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जींद के अंबेडकर चौक पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले का दहन किया और उनको पद से बर्खास्त कर गिरफ्तार करने की मांग की।

प्रदर्शन से पहले कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सीटू के जिला अध्यक्ष रमेश चंद्र ने कहा कि भाजपा ने मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति अपनी राजनीतिक जरूरतों के अनुसार करवाई और चुनावी प्रक्रिया में कथित गड़बडिय़ों के जरिये सत्ता हासिल की। उन्होंने 14 करोड़ वोट काटे जाने और बड़े पैमाने पर कथित हेराफेरी के आरोप लगाते हुए कहा कि इन मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के वोट की अहमियत सर्वोपरि है। यदि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं तो उनकी पारदर्शी जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाया जाए और उनके खिलाफ लगे आरोपों की निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने, मतदाता सूची में कथित गड़बडिय़ों की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा