home page

हांसी : ग्रामीणों ने किया 9 जून से आमरण अनशन का ऐलान

 | 
हांसी : ग्रामीणों ने किया 9 जून से आमरण अनशन का ऐलान


महिलाओं ने भी आमरण अनशन के लिए लिखवाए नाम

चानौत में पानी-बिजली के लिए ग्रामीणों का धरना

जारी

हांसी, 05 जून (हि.स.)। बरवाला रोड स्थित चानौत

गांव में भाखड़ा पाइपलाइन से पानी का कनेक्शन और बिजली के तार बदलने की मांग पर ग्रामीणों

का धरना शुक्रवार को 21वें दिन भी जारी रहा। ग्रामीणों ने धरनास्थल से खरकड़ी मोड़

तक सरकार की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली और मुख्यमंत्री व विधायक के पुतले जलाए।

ग्रामीणों ने कहा कि जब तक भाखड़ा पाइपलाइन से गांव के लिए कनेक्शन नहीं मिलता, उनका

यह आंदोलन जारी रहेगा और जरूरत पड़ी तो इसे ओर तेज किया जाएगा।

धरना कमेटी ने बैठक के बाद ऐलान किया कि अगर

9 जून तक मांगें नहीं मानी गईं तो उसी दिन से आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। कमेटी के

मुताबिक कई ग्रामीणों ने अनशन के लिए नाम दिए हैं, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। अनशनकारी

केवल पानी के सहारे रहेंगे। इससे पहले बुधवार को 51 महिलाओं ने सांकेतिक भूख हड़ताल

की थी, जबकि गुरुवार को 101 पुरुष इसमें शामिल हुए थे।

पूर्व सरपंच सत्यवान, अनूप चानौत और विशाखा चौधरी

ने बताया कि ग्रामीणों की मुख्य मांग हांसी के लिए बिछाई जा रही भाखड़ा पाइपलाइन से

चानौत गांव को 6 इंच का पानी कनेक्शन देने की है। उनका कहना है कि खरकड़ी मोड़ पर टी-पॉइंट

लगाकर गांव को आसानी से पानी मिल सकता है, लेकिन सरकार और विभाग मांग को नजरअंदाज कर

रहे हैं।

आंदोलनकारी विशाखा चौधरी ने बताया कि धरनारत ग्रामीणों

को सदर थाना हांसी से नोटिस मिले हैं। नोटिस में कहा गया है कि धरनास्थल एनएच-148 बी

के दायरे में है, जिससे भारी वाहनों के आवागमन में बाधा हो सकती है। साथ ही नोटिस में

कहा गया है किसी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी आंदोलनकारियों की होगी।

इस बीच जनस्वास्थ्य विभाग ने उस पाइपलाइन को दोबारा

उखाड़ना शुरू कर दिया है, जिसको लेकर ग्रामीण आरोप लगा रहे थे कि वह किसानों की निजी

जमीन पर बिना मुआवजा व परमिशन से बिछाई गई है। ग्रामीण इसे प्रशासन द्वारा उनकी मांगों

के समर्थन में उठाया गया कदम मान रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर