home page

युवाओं को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार कर रही सरकार: महीपाल ढांडा

 | 

चंडीगढ़, 16 जून (हि.स.)। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्रदान करने और तकनीकी शिक्षा को समय के अनुकूल आधुनिक बनाने के लिए पूरी तत्परता से काम कर रही है। सरकार का मुख्य ध्येय विद्यार्थियों को व्यावहारिक व उच्च स्तरीय तकनीकी ज्ञान देना है, ताकि वे वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकें। इसी दिशा में कदम बढ़ाते हुए प्रदेश के इंजीनियरिंग व बहुतकनीकी (पॉलिटेक्निक) संस्थानों के लिए उच्च विनिर्देश (हाई कॉन्फ़िगरेशन) वाले 2512 नए कंप्यूटर सिस्टम की खरीद की गई है।

महीपाल ढांडा मंगलवार काे हरियाणा सिविल सचिवालय में तकनीकी शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों की एक अहम समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में विभाग की विभिन्न परियोजनाओं और आगामी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

शिक्षा मंत्री ने बताया कि खरीदे गए कंप्यूटरों में से प्रदेश के 5 अभियांत्रिकी (इंजीनियरिंग) एवं औद्योगिक संस्थानों में 730 कंप्यूटर सिस्टम और 36 राजकीय बहुतकनीकी व बहुतकनीकी शिक्षा समितियों में आवश्यक कंप्यूटर प्रदान किए जा चुके हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष बचे 281 कंप्यूटर सिस्टम भी जल्द से जल्द संबंधित संस्थानों में उपलब्ध करवा दिए जाएं, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई और प्रैक्टिकल ट्रेनिंग में कोई बाधा न आए।

तकनीकी शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए बुनियादी ढांचे (इन्फ्रास्ट्रक्चर) पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शिक्षा मंत्री ने बताया कि कंप्यूटरों के अलावा प्रदेश के 9 राजकीय बहुतकनीकी संस्थानों में सिविल इंजीनियरिंग से संबंधित 51 आधुनिक मशीनें एवं उपकरण भी उपलब्ध करवाए जा चुके हैं। इन नए उपकरणों की मदद से छात्र नए जमाने की तकनीकों को लाइव सीख सकेंगे, जिससे उद्योगों में उनकी मांग और स्वीकार्यता बढ़ेगी।

शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आधुनिक दौर में केवल थ्योरी के भरोसे युवाओं को रोजगार नहीं दिया जा सकता। हमें संस्थानों की लैब्स को पूरी तरह अपग्रेड करना होगा। सरकार का लक्ष्य हर हाथ को काम और हर युवा को उसकी योग्यता के अनुसार रोजगार देना है। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षण संस्थानों को आधुनिक संसाधनों से लैस करने का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि हरियाणा के युवा आत्मनिर्भर बन सकें। बैठक में उच्चतर शिक्षा के अतिरिक्त मुख्य सचिव एके सिंह, बहु तकनीकी शिक्षा के महानिदेशक प्रभजोत सिंह व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा