हिसार : विद्यार्थियों के नवाचार को वैश्विक मंच से जोड़ने का प्रभावी माध्यम ई-समिट : प्रो. नरसी राम बिश्नोई
गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय में ई-समिट’26 का शुभारंभ, 21 अगस्त तक चलेगा तीन दिवसीय आयोजनहिसार, 19 अगस्त (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को नवाचार, उद्यमिता और वैश्विक अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से तीन दिवसीय ई-समिट’26 का शुभारंभ हुआ। पंडित दीनदयाल उपाध्याय इनोवेशन एंड इनक्यूबेशन सेंटर के तत्वावधान में टीम आई-कनेक्ट द्वारा आयोजित यह समिट 21 अगस्त तक चलेगा और इसका मुख्य विषय ‘वैश्वीकरण’ रखा गया है।उद्घाटन समारोह में बुधवार काे विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई मुख्य अतिथि रहे। कुलसचिव डॉ. विजय कुमार विशिष्ट अतिथि तथा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली के एआईसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आलोक पांडेय विषय विशेषज्ञ के रूप में उपस्थित रहे।कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि ई-समिट विद्यार्थियों को अपने नवाचार और उद्यमिता के विचारों को व्यावहारिक रूप देने के साथ वैश्विक स्तर पर उपलब्ध अवसरों को समझने का प्रभावी मंच प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नए विचारों के साथ आगे बढ़ने और उन्हें समाज की जरूरतों से जोड़कर व्यावहारिक समाधान विकसित करने का आह्वान किया।कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को विशेषज्ञों के अनुभव, नए विचारों और व्यावहारिक सीख से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसे अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय इनोवेशन एंड इनक्यूबेशन सेंटर के निदेशक प्रो. विशाल गुलाटी, उपनिदेशक प्रो. विमल के. झा, प्रो. मनीष गुप्ता, डॉ. मणि श्रेष्ठ तथा डॉ. अभिमन्यु सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

