home page

पलवल में अवैध खनन पर कार्रवाई के दौरान टीम पर हमला, जेसीबी-ट्रैक्टर छुड़ाकर ले गए आरोपी

 | 

पलवल, 25 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के मोहिब्लपुर गांव के पास यमुना घाट पर अवैध खनन रोकने पहुंची खान एवं भू-विज्ञान विभाग की टीम के साथ आरोपियों द्वारा धक्का-मुक्की कर सरकारी कार्रवाई में बाधा डालने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी जब्त की गई जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर-ट्रॉली को जबरन छुड़ाकर ले गए और कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी भी दी। चांदहट थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने बुधवार को बताया कि सहायक खनन अभियंता चंद्रभूषण तिवारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि विभाग की टीम मोहिब्लपुर यमुना घाट क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना पर निरीक्षण के लिए पहुंची थी। टीम में अमित कुमार, सुधीर नारा और खनन रक्षक गौरा सिंह सहित अन्य कर्मचारी शामिल थे। मौके पर टीम ने अवैध खनन में लगी एक जेसीबी मशीन और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाने ले जाने की कार्रवाई शुरू की।

इसी दौरान जेसीबी मालिक अर्जुन और उसका बेटा दीपक, निवासी अच्छेजा, अपने 8-10 साथियों के साथ मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने मिलकर टीम के कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसके बाद आरोपियों ने जबरन जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली को छुड़ा लिया। जाते समय आरोपियों ने कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने सहायक खनन अभियंता की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई गुलाब सिंह को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग