जींद : नगर परिषद सफाईकर्मियों की हडताल से हर जगह कचरा
जींद, 02 मई (हि.स.)। नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर शनिवार को दूसरे दिन भी सफाई कर्मचारियों ने अपनी हडताल को जारी रखा। सफाई कर्मियों के हडताल पर रहने के चलते शहर से कचरे का उठान नही हो पाया। सबसे ज्यादा परेशानी वार्ड वासियों को उठानी पड़ी। क्योंकि कचरा उठाने वाली गाड़ी नही आई। शहर में प्रतिदिन सैंकडों टन कचरा निकलता है। जिसका उठान न हो पाने के चलते जगह-जगह कूड़े के ढ़ेर लग गए। जगह-जगह लगे गंदगी के ढेर और उठती बदबू ने आम लोगों की परेशानी को बढा दिया है। नगर परिषद कार्यालय परिसर में हडतालरत सफाई कर्मियों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सोहनलाल ने कहा कि वो लंबे समय से मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं लेकिन उनकी मांगों की तरफ कोई ध्यान नही दिया जा रहा है। उनकी मांग है कि ठेकाप्रथा को समाप्त कर सभी कर्मियों को पक्का किया जाए।
एक्सग्रेशिया की नीति को बहाल किया जाए। हमारी मांग पूरी नही होती तो राज्य कमेटी का जो आह्वान होगा, उस पर वो काम करेंगे। नगर परिषद के सफाई कर्मचारी हडताल पर रहने के चलते शहर से गंदगी का उठान नही हुआ। जिसके चलते जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे रहे। दो दिन तक सफाई कर्मियों की हडताल के चलते यह समस्या रहेगी। वहीं कालोनियों में कूडा कर्कट उठाने वाली गाडिय़ां भी नही आई। जिसके चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। शहर से एक दिन में लगभग 125 टन कूड़ा निकलता है।
ऐसे में पिछले दो दिन से कूड़े का उठान न हो पाने से परेशानी का स्वत: अंदाजा लगाया जा सकता है। पटियाला चौक, सफीदों रोड, गोहाना रोड, दमकल विभाग कार्यालय के पास जगह-जगह डंपिंग प्वाइंट हैं। जहां कचरा मौजूद है। नगर परिषद के ईओ रिषिकेश ने बताया कि फिलहाल सफाई कर्मचारी दो दिन की हडताल पर हैं। जैसे ही हडताल समाप्त होती है तो पहले की तरह ही शहर से कचरे का उठान कार्य सुचारू रूप से शुरू हो जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

