कैथल में नशा तस्कर के मकान पर चला बुलडोजर
कैथल, 24 सितंबर (हि.स.)। गांव तितरम में गुरुवार को जिला प्रशासन ने नशा तस्करी के मामलों में आरोपी अनिल के मकान पर बुलडोजर चलाकरलाल अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के चलते गांव में काफी देर तक माहौल पुलिस छावनी जैसा बना रहा।
प्रशासन ने गांव में अनिल के मकान को अवैध निर्माण के रूप में चिन्हित किया था। इसके बाद उसे नियमानुसार नोटिस जारी कर निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित अवधि में निर्माण नहीं हटाए जाने पर गुरुवार को प्रशासन की टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची और पुलिस सुरक्षा के बीच मकान को गिरा दिया।
डीएसपी रोहताश ने बताया कि अनिल के खिलाफ जिला कैथल में नशा तस्करी से जुड़े करीब आठ मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं नगर परिषद कैथल के ईओ संदीप सोलंकी की निगरानी में की गई। इस दौरान थाना तितरम प्रभारी इंस्पेक्टर वेदपाल सहित जिला प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहे।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति सामने नहीं आई। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि क्षेत्र में नशे की तस्करी या अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना पुलिस को दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

