यमुनानगर:नशीली दवाओं की बड़ी खेप पकड़ी, युवक गिरफ्तार
यमुनानगर, 24 अगस्त (हि.स.) यमुनानगर पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल ने जगाधरी बस स्टैंड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए नशीली दवाओं की बड़ी खेप बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 1,000 नशीले कैप्सूल और 5,200 नशीली गोलियां मिली हैं। आरोपी की पहचान यमुनानगर निवासी अजय के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक प्रतिबंधित दवाओं की खेप लेकर बस स्टैंड के आसपास घूम रहा है। सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने इलाके में निगरानी शुरू की। संदिग्ध युवक के नजर आने पर पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके पास बड़ी संख्या में कैप्सूल और गोलियां बरामद हुईं।
जांच अधिकारी अमित कुमार के अनुसार, पूछताछ में प्रारंभिक तौर पर सामने आया है कि आरोपी यह दवाएं हिमाचल प्रदेश के बद्दी से लेकर आया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दवाओं की खेप उसे किससे मिली और यमुनानगर में इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान दवाओं की खरीद और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के मुताबिक अजय के खिलाफ पहले से तीन मामले दर्ज हैं। इनमें एक मामला चोरी का है, जबकि दो मामले कोरोना काल में दवाओं की कथित अवैध सप्लाई से संबंधित बताए गए हैं। पुलिस पुराने मामलों के रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

