home page

पानीपत में गांजा सहित यूपी निवासी नशा तस्कर गिरफ्तार,चार दिन के रिमांड पर

 | 
पानीपत में गांजा सहित यूपी निवासी नशा तस्कर गिरफ्तार,चार दिन के रिमांड पर


पानीपत, 07 अप्रैल (हि.स.)। पानीपत पुलिस ने समालखा बस अड्डे के पास एक नशा तस्कर को 12 किलो गांजा सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शेरपुर गाजीपुर यूपी निवासी भरत गुप्ता के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया वह शार्टकट तरीके से मोटे पैसे कमाने के लिए उक्त गांजा मध्य प्रदेश से एक युवक से कम कीमत पर खरीद कर लाया था। कमरे पर जाने के लिए समालखा बस अड्डे के बाहर वाहन के इंतजार में खड़ा था।

इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि सोमवार रात एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि यूपी निवासी एक युवक समालखा बस अड्डे के गेट के नजदीक प्लास्टिक कट्टा लेकर खड़ा है। प्लास्टिक कट्टे में मादक पदार्थ होने की संभावना है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर युवक को काबू किया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान गाजीपुर यूपी निवासी भरत गुप्ता के रूप में बताई। पुलिस टीम ने तलाशी ली तो प्लास्टिक कट्टे से काफी मात्रा में गांजा (मादक पदार्थ) बरामद हुआ। बरामद गांजा का वजन करने पर 12 किलो पाया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना समालखा में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर मंगलवार को आरोपी भरत गुप्ता को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से नशा सप्लायर के ठीकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा