home page

सिरसा: नशा तस्कर की एक करोड़ 29 लाख की संपत्ति फ्रीज

 | 
सिरसा: नशा तस्कर की एक करोड़ 29 लाख की संपत्ति फ्रीज


सिरसा, 11 सितंबर (हि.स.)। डबवाली पुलिस ने नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए नशा तस्कर कुलवंत सिंह की करीब एक करोड़ 29 लाख और रुपये की संपत्ति फ्रीज की है। फ्रीज संपत्ति में जीमन, मकान, दुकान, चार वाहन और छह बैंक खाते शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी कुलवंत सिंह के खिलाफ विभिन्न राज्यों में 13 मामले दर्ज हैं। इनमें से नौ मामले नशा तस्करी से संबंधित हैं।

फ्रीज संपत्तियों के हस्तांतरण, बिक्री अथवा किसी अन्य प्रकार से निपटान पर सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना रोक लगा दी गई है।

पुलिस के अनुसार थाना शहर डबवाली में दर्ज अलग-अलग मामलों में आरोपी से संबंधित 40 किलोग्राम, चार किलोग्राम, 40 किलोग्राम तथा 97 किलोग्राम चूरा पोस्त की बरामदगी हुई। इसी प्रकार थाना लंबी में दर्ज एक मामले में 300 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद होने का उल्लेख है।

राजस्थान में भी आरोपी के खिलाफ नशा तस्करी से जुड़े मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार इनमें से अधिकांश मामले वर्तमान में अदालत में विचाराधीन हैं। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2010 में थाना लंबी में दर्ज मामले में 160 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद किया गया था।

इस मामले में अदालत ने आरोपी को दोषी करार देते हुए दस साल का कारावास तथा एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी।

डबवाली की पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर ने शुक्रवार को कहा कि इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल नशे की सप्लाई चेन को तोडऩा ही नहीं, बल्कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार से अर्जित धन और संपत्ति के आर्थिक आधार को भी कमजोर करना है।

उन्होंने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ आर्थिक कार्रवाई को और प्रभावी बनाया जाएगा। इसके साथ ही नशे के कारोबार को संरक्षण देने, सहयोग करने या इसके लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने वाले लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। पुलिस जिला डबवाली के गठन के बाद संपत्ति फ्रीज करने की यह कार्रवाई अब तक की बड़ी आर्थिक कार्रवाई के रूप में सामने आई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma