home page

कैथल : नशे की सप्लाई पर पुलिस का शिकंजा, हेरोइन के साथ तस्कर काबू; डोडा पोस्त सप्लायर भी गिरफ्तार

 | 
कैथल : नशे की सप्लाई पर पुलिस का शिकंजा, हेरोइन के साथ तस्कर काबू; डोडा पोस्त सप्लायर भी गिरफ्तार


कैथल, 14 सितंबर (हि.स.)। जिले में नशे की तस्करी पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अलग-अलग मामलों में एक हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि पहले पकड़े गए डोडा पोस्त के मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने सप्लायर को भी दबोच लिया। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में कार्रवाई की गई है।

एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने कलायत बाईपास क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल सवार युवक को 7.14 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा। आरोपी की पहचान नरवाना की भगत सिंह कॉलोनी निवासी राहुल के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एसआई बलराज सिंह की टीम कलायत बाईपास पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि राहुल मोटरसाइकिल पर हेरोइन लेकर किसी को सप्लाई करने के लिए क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। कुछ देर बाद नरवाना की ओर से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया तो उसने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पन्नी में 7.14 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना कलायत में मामला दर्ज किया गया। बाद में उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

डोडा पोस्त के मामले में पूछताछ से सप्लायर तक पहुंची पुलिस

वहीं, सीआईए गुहला पुलिस ने डोडा पोस्त की सप्लाई करने के आरोप में पंजाब के पटियाला जिले के गांव चिचड़वाला निवासी हरदीप सिंह को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई उस मामले की आगे की जांच के दौरान हुई, जिसमें 10 सितंबर को पुलिस ने 1 किलो 202 ग्राम डोडा पोस्त के साथ दो युवकों को पकड़ा था।

सीआईए गुहला की टीम ने घग्गर पटरी उरलाना के पास नाकाबंदी के दौरान बाइक सवार गांव अगौंध निवासी गुरमीत सिंह और थेह बुटाना निवासी बलजीत सिंह को काबू किया था। तलाशी में उनके पास से 1 किलो 202 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ था। दोनों के खिलाफ थाना गुहला में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बरामद डोडा पोस्त उन्हें हरदीप सिंह ने उपलब्ध कराया था। इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे