home page

नशा मुक्त युवा-विकसित भारत अभियान में कुरुक्षेत्र विवि का आयोजन सर्वाधिक सहभागिता वाला रहा

 | 
नशा मुक्त युवा-विकसित भारत अभियान में कुरुक्षेत्र विवि का आयोजन सर्वाधिक सहभागिता वाला रहा


चंडीगढ़, 04 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 2 अगस्त को वर्चुअल माध्यम से देशभर के 28 हजार से अधिक स्थानों से प्रारंभ किए गए नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान में हरियाणा ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। शैक्षणिक संस्थानों की श्रेणी में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का राज्य स्तरीय आयोजन देश का सर्वाधिक सहभागिता वाला कार्यक्रम बनकर उभरा।

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित हुए राज्य स्तरीय कार्यक्रम में लगभग 3,200 से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं युवाओं ने एक साथ नशा मुक्त भारत का संकल्प लिया था। यह आयोजन विश्वविद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों की श्रेणी में देशभर का सबसे बड़ा आयोजन रहा, जिसने युवाओं की जागरूकता और सामाजिक भागीदारी का नया मानदंड स्थापित किया।

कार्यक्रम में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए थे। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के लाइव संबोधन के साथ युवाओं को नशा मुक्त भारत की शपथ दिलाई और कहा था कि युवा शक्ति ही विकसित भारत के संकल्प की सबसे बड़ी ताकत है।

भारत सरकार द्वारा सभी राज्यों के राज्यपालों से अपने-अपने राज्यों के मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने का अनुरोध किया गया था। इसी क्रम में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग लेकर युवाओं का उत्साहवर्धन किया था।

प्रदेश सरकार का लक्ष्य आगामी 100 सप्ताह तक लगातार जनजागरूकता अभियान चलाकर नशे के खिलाफ व्यापक सामाजिक चेतना विकसित करना और हरियाणा को नशामुक्त बनाने के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है।

इस राष्ट्रीय अभियान की सफलता में हरियाणा के युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता तथा खेल मंत्री गौरव गौतम के सक्रिय नेतृत्व के साथ शिक्षा विभाग, युवा कार्यक्रम एवं खेल विभाग, माई भारत, एनएसएस, एनसीसी, नेहरू युवा केंद्र संगठन तथा अन्य संबंधित विभागों एवं संस्थाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी विभागों के समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप हरियाणा में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का आयोजन विश्वविद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों की श्रेणी में देश का सबसे बड़ा आयोजन बनकर सामने आया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा